28.6 C
Kolkata
Tuesday, July 21, 2026

मुख्यमंत्री साय आज करेंगे राज्य स्तरीय शाला प्रवेशोत्सव का शुभारंभ

रायपुर। छत्तीसगढ़ स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए राज्य स्तरीय शाला प्रवेशोत्सव का भव्य आयोजन आज सोमवार को दुर्ग जिले के पाटन विकासखंड स्थित स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, जामगांव (एम) में किया जा रहा है। दोपहर 12 बजे से शुरू होने वाले इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय होंगे। कार्यक्रम में अतिविशिष्ट अतिथि के रूप में उप मुख्यमंत्री व दुर्ग जिले के प्रभारी मंत्री विजय शर्मा शामिल होंगे, जबकि अध्यक्षता स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव करेंगे।

तिलक लगाकर और मुंह मीठा कराकर होगा बच्चों का स्वागत

इस राज्य स्तरीय समारोह के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और अन्य विशिष्ट अतिथि पहली बार स्कूल में कदम रखने वाले नन्हे बच्चों का तिलक लगाकर व मुंह मीठा कराकर आत्मीय स्वागत करेंगे। शाला प्रवेशोत्सव का मुख्य उद्देश्य बच्चों में पढ़ाई के प्रति उत्साह जगाना, सरकारी स्कूलों में शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करना और शिक्षा के प्रति समाज में एक सकारात्मक व प्रेरणादायक वातावरण तैयार करना है।

पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल सहित कई दिग्गज नेता रहेंगे मौजूद

इस गरिमामय समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में दुर्ग के सांसद विजय बघेल, पाटन विधायक व पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के साथ-साथ विधायक ललित चन्द्राकर, डोमन लाल कोर्सेवाड़ा, रिकेश सेन, देवेन्द्र यादव, ईश्वर साहू उपस्थित रहेंगे। इनके अतिरिक्त छत्तीसगढ़ खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड के अध्यक्ष राकेश पाण्डेय तथा तेलघानी विकास बोर्ड के अध्यक्ष जितेन्द्र साहू भी कार्यक्रम में शिरकत कर बच्चों का हौसला बढ़ाएंगे।

Related Articles

नवीनतम लेख