माल्मो । विश्व के नंबर-1 शतरंज खिलाड़ी मैग्नस कार्लसन ने एक बार फिर अपनी बादशाहत साबित की है। स्वीडन के माल्मो में आयोजित ‘टेपे सिगेमैन एंड कंपनी शतरंज टूर्नामेंट 2026’ के रोमांचक फाइनल में कार्लसन ने भारतीय ग्रैंडमास्टर अर्जुन एरिगैसी को सडन डेथ प्लेऑफ में हराकर खिताब अपने नाम कर लिया। पूरे टूर्नामेंट में अपराजित रहने वाले अर्जुन को खिताबी मुकाबले में बेहद करीबी अंतर से हार का सामना करना पड़ा।
मुख्य राउंड की समाप्ति के बाद दोनों खिलाड़ी बराबरी पर थे, जिसके बाद विजेता का फैसला करने के लिए टाईब्रेकर का सहारा लिया गया। टाईब्रेकर की पहली दो बाजियों में दोनों ने एक-एक जीत दर्ज की, जिससे मुकाबला ‘सडन डेथ’ तक खिंच गया। दबाव के क्षणों में कार्लसन ने अपने अनुभव का परिचय देते हुए बाजी मार ली।
खिताब के करीब पहुंचकर चूके अर्जुन
भारतीय सनसनी अर्जुन एरिगैसी अंतिम राउंड से पहले 4.5/6 अंकों के साथ एकल बढ़त पर थे। उन्हें चैंपियन बनने के लिए अंतिम राउंड में केवल एक जीत की दरकार थी, लेकिन एंडी वुडवर्ड के खिलाफ उनका मुकाबला ड्रॉ पर छूटा। इसी का फायदा उठाते हुए कार्लसन ने अपने अंतिम राउंड में यागिज कान एरदोगमुस को हराकर अर्जुन की बराबरी कर ली और मुकाबले को प्लेऑफ तक पहुंचा दिया।
शानदार रहा भारतीय ग्रैंडमास्टर का सफर
भले ही अर्जुन खिताब जीतने से चूक गए हों, लेकिन टूर्नामेंट में उनका प्रदर्शन असाधारण रहा। यह दूसरी बार है जब वह इस प्रतिष्ठित खिताब के इतने करीब पहुंचे हैं (इससे पहले 2024 में भी वह दूसरे स्थान पर रहे थे)। दिलचस्प बात यह है कि टूर्नामेंट के पहले ही राउंड में अर्जुन ने कार्लसन को ड्रॉ पर रोककर अपने इरादे साफ कर दिए थे।

