भोपाल | मध्य प्रदेश से राज्यसभा की तीसरी सीट के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने मछुआ कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष महेश केवट को अपना उम्मीदवार घोषित कर दिया है। इस सीट पर उनका सीधा मुकाबला कांग्रेस उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन से होगा। द्विवार्षिक निर्वाचन प्रक्रिया के तहत नामांकन दाखिल करने के आज सोमवार को अंतिम दिन दोनों ही दलों के नेता अपना-अपना पर्चा दाखिल करेंगे।
विधानसभा के संख्याबल से भाजपा की 2 और कांग्रेस की 1 सीट तय
मध्य प्रदेश से राज्यसभा की 3 सीटें रिक्त होने जा रही हैं। मप्र विधानसभा में विधायकों की मौजूदा संख्या के हिसाब से राज्यसभा की 2 सीटों पर भाजपा और 1 सीट पर कांग्रेस की जीत पूरी तरह तय मानी जा रही है। भाजपा ने पहले ही अपनी दो सीटों के लिए तरुण चुग और रजनीश अग्रवाल को उम्मीदवार बनाया था, जो अपना नामांकन पहले ही दाखिल कर चुके हैं। वहीं कांग्रेस की ओर से घोषित उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन भी आज ही अपना नामांकन जमा करेंगी।
मुख्यमंत्री निवास में चली बैठक के बाद केवट के नाम पर लगी मुहर
भाजपा के तीसरे उम्मीदवार को लेकर दिल्ली आलाकमान से हरी झंडी मिलने के बाद रविवार रात मुख्यमंत्री निवास में भाजपा विधायक दल की एक महत्वपूर्ण बैठक हुई। करीब 1 घंटे तक चली इस उच्चस्तरीय बैठक में वरिष्ठ नेताओं ने चुनावी रणनीति और नामांकन प्रक्रिया को लेकर गहन चर्चा की, जिसके बाद महेश केवट के नाम पर अंतिम मुहर लगाई गई।
वोटों का गणित: 1 सीट के लिए चाहिए 58 वोट
मध्य प्रदेश विधानसभा में वर्तमान में 228 सदस्य मतदान के पात्र हैं। राज्यसभा की 1 सीट जीतने के लिए प्रथम वरीयता के 58 वोटों की आवश्यकता होती है। इस समय भाजपा के पास 164 विधायक हैं, जबकि विपक्षी दल कांग्रेस के पास 63 विधायक हैं। इस संख्याबल के अनुसार 2 सीटें भाजपा को मिलना तय है, जबकि तीसरी सीट कांग्रेस के खाते में जाती दिख रही है। भाजपा द्वारा तीसरा उम्मीदवार उतारने से मुकाबला दिलचस्प हो गया है।
दिग्गज नेताओं की मौजूदगी में विधानसभा पहुंचेंगे दोनों प्रत्याशी
आज दोपहर 1:30 बजे प्रदेश भाजपा कार्यालय में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, प्रदेश प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह, क्षेत्रीय संगठन मंत्री अजय जामवाल और प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल समेत तमाम मंत्री व विधायक जुटेंगे। यहाँ से सभी नेता रैली के रूप में विधानसभा पहुंचेंगे, जहाँ भाजपा उम्मीदवार महेश केवट अपना नामांकन दाखिल करेंगे। दूसरी ओर, कांग्रेस उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन भी पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी समेत अन्य वरिष्ठ पदाधिकारियों की मौजूदगी में विधानसभा पहुंचकर अपना नामांकन जमा करेंगी।
