आसनसोल । पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के पहले चरण के मतदान के दौरान आसनसोल से तृणमूल कांग्रेस (TMC) सांसद और दिग्गज अभिनेता शत्रुघ्न सिन्हा ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। उन्होंने उत्तर विधानसभा क्षेत्र के महिला संचालित बूथ (संख्या 39) पर वोट डाला। मतदान के बाद मीडिया से मुखातिब होते हुए ‘शॉटगन’ ने भारतीय जनता पार्टी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखे जुबानी बाण छोड़े।
“जंगलराज की बात करना सिर्फ जुमला”
प्रधानमंत्री के भाषणों पर प्रतिक्रिया देते हुए शत्रुघ्न सिन्हा ने कहा कि पीएम हर राज्य में जाकर “जंगलराज” की बात करते हैं, लेकिन उनकी कथनी और करनी में बड़ा अंतर है। उन्होंने दावा किया बंगाल में किसी परिवर्तन की नहीं, बल्कि ममता बनर्जी के प्रति अटूट विश्वास की लहर है। मतगणना के दिन टीएमसी का चुनाव चिन्ह और ‘ममता जी का जादू’ हर तरफ दिखाई देगा।
एंटी-इन्कम्बेंसी और भाजपा पर पलटवार
सत्ता विरोधी लहर के सवाल पर शत्रुघ्न सिन्हा ने दोटूक कहा, “अगर 11 साल से केंद्र की सत्ता संभाल रही भाजपा के खिलाफ कोई लहर नहीं है, तो बंगाल सरकार के खिलाफ यह मुद्दा उठाना महज राजनीति है।” उन्होंने भाजपा पर जनता को गुमराह करने का आरोप लगाते हुए कहा कि उनकी बातें “पुरानी बोतल में नई शराब” जैसी हैं।
पीएम मोदी पर व्यक्तिगत तंज: “गुफा और फैंसी ड्रेस”
प्रधानमंत्री मोदी के चुनाव प्रचार के तरीकों पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा “प्रधानमंत्री मेरे मित्र हैं, लेकिन वह अपना कीमती वक्त जाया कर रहे हैं। पिछली बार चुनाव के बाद वह गुफा में फैंसी ड्रेस पहनकर बैठ गए थे, जिसे मीडिया ने खूब दिखाया था।” उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पीएम राष्ट्र के नाम संदेश का उपयोग भी विरोधियों को कोसने के लिए करते हैं।
जनशक्ति बनाम धनशक्ति
सांसद शत्रुघ्न सिन्हा ने चुनावी प्रक्रिया पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा अभी भी लाखों लोगों के नाम मतदाता सूची से गायब हैं, जो गंभीर विषय है। भाजपा के पास ‘धनशक्ति’ और ‘प्रचारशक्ति’ की ताकत है, लेकिन ममता बनर्जी के पास ‘जनशक्ति’ है, जो किसी भी चुनाव का रुख मोड़ने में सक्षम है। शत्रुघ्न सिन्हा ने खुद को ‘बिहारी बाबू, बंगाली बाबू और हिंदुस्तानी बाबू’ बताते हुए लोगों से लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए मतदान की अपील की।

