33 C
Kolkata
Saturday, May 9, 2026

बिहार: 10 करोड़ की साइबर ठगी का बड़ा खुलासा; नवादा पुलिस ने अंतरराज्यीय गिरोह के शातिर को दबोचा

नवादा: बिहार के नवादा जिले में साइबर अपराधियों के खिलाफ पुलिस को एक बड़ी कामयाबी हासिल हुई है। पुलिस ने एक ऐसे अंतरराज्यीय गिरोह के सदस्य को गिरफ्तार किया है, जिसने देश के कई राज्यों में करोड़ों रुपये की ठगी का जाल बिछा रखा था।

EOU पटना की सूचना पर हुई कार्रवाई

नवादा हेडक्वार्टर DSP निशु मल्लिक ने बताया कि आर्थिक अपराध इकाई (EOU), पटना से पुलिस को एक संदिग्ध बैंक खाते के जरिए बड़े पैमाने पर अवैध लेन-देन की गुप्त सूचना मिली थी। इस सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एक विशेष एसआईटी (SIT) टीम का गठन किया गया।

‘सोनाली इंटरप्राइजेज’ के नाम पर चल रहा था ठगी का खेल

जांच के दौरान पुलिस ने नगर थाना क्षेत्र के कोनिया पर निवासी बालवीर प्रसाद (30 वर्ष) को गिरफ्तार किया। आरोपी ‘सोनाली इंटरप्राइजेज’ नामक एक फर्जी फर्म के जरिए बैंक खाते का संचालन कर रहा था। 8 मई 2026 को हुई इस छापेमारी के बाद आरोपी को थाने लाकर जब कड़ाई से पूछताछ की गई, तो ठगी के बड़े नेटवर्क का खुलासा हुआ।

शेयर मार्केट और मुनाफे का लालच देकर शिकार

पूछताछ और डिजिटल साक्ष्यों से पता चला है कि आरोपी लोगों को ऑनलाइन निवेश, शेयर मार्केट में पैसा लगाने और कम समय में अधिक मुनाफे का झांसा देकर ठगता था। जांच में सामने आया है कि महाराष्ट्र, राजस्थान और कई अन्य राज्यों के लोग इस गिरोह का शिकार बने हैं। ठगी की गई रकम को इसी संदिग्ध खाते में मंगवाया जाता था और फिर उसे गिरोह के अन्य सदस्यों के बीच बांट दिया जाता था।

पुलिस अब इस गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में छापेमारी कर रही है और बैंक खाते के विस्तृत ट्रांजैक्शन की जांच की जा रही है ताकि ठगी की कुल सही राशि और पीड़ितों का पता लगाया जा सके।

Related Articles

नवीनतम लेख