भोपाल। मध्य प्रदेश के रेल यात्रियों और श्रद्धालुओं के लिए भारतीय रेलवे खानपान एवं पर्यटन निगम (IRCTC) एक बड़ा अवसर लेकर आया है। पश्चिम भारत के प्रमुख धार्मिक स्थलों और प्रसिद्ध ज्योतिर्लिंगों के दर्शन कराने के लिए विशेष ‘भारत गौरव पर्यटक ट्रेन’ आज शनिवार को रीवा स्टेशन से अपनी यात्रा शुरू करने जा रही है। इस यात्रा के जरिए श्रद्धालुओं को देश की समृद्ध सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत से रूबरू होने का मौका मिलेगा।
इन स्टेशनों पर होगा ठहराव, 11 दिन की होगी यात्रा
पश्चिम मध्य रेलवे से मिली जानकारी के अनुसार, मध्य प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों के यात्रियों की सुविधा के लिए इस ट्रेन के कई स्टॉपेज बनाए गए हैं। यह ट्रेन सतना, मैहर, कटनी, जबलपुर, नरसिंहपुर, इटारसी, रानी कमलापति (भोपाल), शुजालपुर और उज्जैन स्टेशनों पर ठहरेगी। इससे यात्री अपने सबसे नजदीकी रेलवे स्टेशन से इस सफर की शुरुआत कर सकेंगे। पूरी यात्रा 10 रात और 11 दिनों की होगी, जिसमें यात्रियों को द्वारकाधीश मंदिर (द्वारका), सोमनाथ मंदिर, नागेश्वर ज्योतिर्लिंग और ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग के दर्शन कराए जाएंगे।
एक ही पैकेज में मिलेंगी तमाम वीआईपी सुविधाएं
आईआरसीटीसी ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए इस टूर पैकेज में सभी जरूरी बुनियादी सेवाओं को एक साथ शामिल किया है। यात्रियों को रेल टिकट के साथ होटलों में ठहरने की व्यवस्था, तीन समय का शाकाहारी भोजन, दर्शनीय स्थलों तक आने-जाने के लिए स्थानीय बस परिवहन, यात्रा बीमा (Travel Insurance), ऑन-बोर्ड सुरक्षा और गाइड (टूर एस्कॉर्ट) जैसी सुविधाएं दी जा रही हैं। समाज के हर वर्ग को ध्यान में रखते हुए इस यात्रा के लिए अलग-अलग बजट श्रेणियां तय की गई हैं।
