कोलकाता । पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के नतीजों को लेकर काउंटडाउन शुरू हो गया है। मतगणना प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए निर्वाचन आयोग ने कमर कस ली है। आयोग ने राज्य की 293 सीटों के लिए कुल 432 काउंटिंग ऑब्जर्वर (मतगणना पर्यवेक्षक) तैनात किए हैं।
इन जिलों पर रहेगी पैनी नजर
आयोग द्वारा जारी सूची के अनुसार, जिलों की संवेदनशीलता और सीटों की संख्या के आधार पर पर्यवेक्षकों की नियुक्ति की गई है:
उत्तर 24 परगना: यहाँ सबसे अधिक 49 पर्यवेक्षक तैनात किए गए हैं, जो जिले की 33 सीटों पर निगरानी रखेंगे।
दक्षिण 24 परगना: 31 सीटों के लिए 45 ऑब्जर्वर नियुक्त किए गए हैं (हालाँकि फलता सीट पर मतदान रद्द होने के कारण यहाँ अब 30 सीटों पर ही गिनती होगी)।
कोलकाता: शहर की 11 सीटों के लिए 12 पर्यवेक्षक मोर्चा संभालेंगे।
अन्य प्रमुख जिले: पूर्व बर्धमान और पूर्व मेदिनीपुर में 26-26, जबकि नदिया और हावड़ा में 25-25 पर्यवेक्षक तैनात रहेंगे।
फलता सीट पर नहीं होगी गिनती
निर्वाचन आयोग ने स्पष्ट किया है कि सोमवार को ‘फलता’ विधानसभा सीट का मतदान रद्द किए जाने के कारण अब कुल 294 के बजाय 293 सीटों पर ही मतगणना की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
कमीशन का कड़ा संदेश
निर्वाचन आयोग का कहना है कि इन पर्यवेक्षकों की जिम्मेदारी मतगणना केंद्रों पर होने वाली हर गतिविधि पर नजर रखना है। ये अधिकारी सीधे आयोग को रिपोर्ट करेंगे ताकि किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या धांधली की गुंजाइश न रहे। सबसे कम 6 पर्यवेक्षक अलीपुरद्वार जिले में तैनात किए गए हैं।

