बगहा (पश्चिम चम्पारण)| बगहा अनुमंडल के प्रखंड बगहा-2 अंतर्गत महुअर स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय में कार्यरत लोकप्रिय सहायक शिक्षक पंडित रमेश मिश्र के सम्मान में एक भव्य विदाई समारोह का आयोजन किया गया। इस विदाई सह सम्मान समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में वाल्मीकिनगर के विधायक सुरेन्द्र प्रसाद ने शिरकत की। उन्होंने शिक्षक रमेश मिश्र को अंगवस्त्र और स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।
19 वर्षों का बेदाग सफर, 15 स्कूलों के समन्वयक के रूप में किया काम
विदाई के इस भावुक क्षण में विद्यालय के शिक्षक मनोज कुमार, धर्मेश तिवारी, खुशबू तिवारी, मुन्नी लाल राम, अमरावती देवी और किरण देवी ने रमेश मिश्र के कार्यकाल की सराहना की। सहकर्मियों ने बताया कि पंडित रमेश मिश्र ने इस विद्यालय में लगातार 19 वर्षों तक बच्चों के बीच अपनी सेवा दी। इस लंबे सफर के दौरान उन्होंने बच्चों, ग्रामीणों और विद्यालय प्रशासन के बीच बेहतरीन समन्वय बनाकर शिक्षा का स्तर ऊंचा उठाया और स्कूल का नाम जिला व अनुमंडल स्तर पर रौशन किया। उनकी इसी कार्यकुशलता को देखते हुए शिक्षा विभाग ने उन्हें क्षेत्र के 15 विद्यालयों का समन्वयक (को-ऑर्डिनेटर) भी बनाया था।
विधायक और प्रबुद्धजनों ने बांधे तारीफों के पुल
-
विधायक सुरेन्द्र प्रसाद ने बच्चों और शिक्षकों के मुख से रमेश मिश्र की कर्तव्यपरायणता और उनके प्रति आदर भाव को सुनकर भाव-विह्वल हो गए। उन्होंने अपने संबोधन में कहा, “रमेश मिश्र जैसे शिक्षक आज के दौर में विद्यालयों में बिरले ही मिलते हैं, जिन्होंने बच्चों के भविष्य को ही अपना जीवन मान लिया।”
-
विशिष्ट अतिथि प्रो. अरविन्द नाथ तिवारी ने कहा कि एक सच्चा शिक्षक वही है जो बच्चों के लिए हमेशा सहज और सुलभ हो, और यह अद्भुत गुण रमेश मिश्र में कूट-कूट कर भरा है।
मैट्रिक के टॉपर बच्चे भी हुए पुरस्कृत
इस विदाई समारोह को और खास बनाते हुए वाल्मीकिनगर विधायक द्वारा जिला और अनुमंडल स्तर पर मैट्रिक की परीक्षा में टॉप आए हुए होनहार छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत कर उनका हौसला बढ़ाया गया। इसके साथ ही विद्यालय के पूर्व शिक्षक रह चुके अवध किशोर मिश्र, प्रदीप मिश्र और रविन्द्र गिरी को भी अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया।
इस गरिमापूर्ण कार्यक्रम का सफल संचालन पिंटू पटेल ने किया। मौके पर ग्रामीण लाल साहब चौधरी, उमेश राम, मनीष पंडित, सौरभ तिवारी सहित बड़ी संख्या में छात्र और अभिभावक उपस्थित थे। कार्यक्रम के समापन पर विद्यालय के प्रधानाचार्य उमेश साह ने आए हुए सभी अतिथियों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया।
