गुवाहाटी। असम विधानसभा के बजट सत्र के पांचवें दिन वित्त मंत्री जयंत मल्लबरुवा ने वर्ष 2026-27 का बजट पेश किया। इस बार राज्य सरकार ने 419.26 करोड़ रुपये के अनुमानित बजट घाटे का प्रावधान रखा है।
1.51 लाख करोड़ रुपये से अधिक की अनुमानित प्राप्ति
वित्त मंत्री ने बताया कि वर्ष 2026-27 के लिए कुल अनुमानित प्राप्ति 1,51,843.23 करोड़ रुपये है। इसमें 1,18,562.23 करोड़ रुपये राजस्व मद और 33,281 करोड़ रुपये पूंजीगत मद से प्राप्त होने का अनुमान है।
उन्होंने कहा कि सार्वजनिक पूंजी में 1,34,466.22 करोड़ रुपये और आकस्मिक पूंजी के तहत 2,000 करोड़ रुपये जोड़ने पर कुल आय 2,88,309.45 करोड़ रुपये होगी।
वहीं, वर्ष 2026-27 में राज्य का कुल अनुमानित व्यय 1,56,714.88 करोड़ रुपये रहने का अनुमान है। इसमें राजस्व मद में 1,18,562.23 करोड़ रुपये और पूंजीगत मद में 38,152.65 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
3 प्रतिशत वित्तीय घाटे का लक्ष्य
वित्त मंत्री के अनुसार, राजस्व मद में कुल व्यय 1,26,369.57 करोड़ रुपये और आकस्मिक पूंजी के 2,000 करोड़ रुपये जोड़ने पर कुल अनुमानित खर्च 2,85,084.45 करोड़ रुपये होगा।
उन्होंने बताया कि चालू वित्तीय वर्ष के लेनदेन के आधार पर 3,225 करोड़ रुपये का राजस्व अधिशेष रहने का अनुमान है। हालांकि, वर्ष की शुरुआत में 3,644.26 करोड़ रुपये के घाटे को समायोजित करने के बाद वर्ष 2026-27 के अंत तक कुल बजट घाटा 419.26 करोड़ रुपये रहने का अनुमान है।
सरकार ने वर्ष 2026-27 के लिए राज्य के सकल घरेलू उत्पाद (जीएसडीपी) के 3 प्रतिशत के बराबर वित्तीय घाटे का लक्ष्य निर्धारित किया है।
