नई दिल्ली। भारतीय निशानेबाज अनीश भानवाला ने एशियन चैंपियनशिप 2026 में पुरुषों की 25 मीटर रैपिड फायर पिस्टल स्पर्धा में कांस्य पदक अपने नाम किया। बुधवार को खेले गए फाइनल में 23 वर्षीय अनीश ने 23 हिट्स के साथ तीसरा स्थान हासिल किया। कजाखस्तान के निकिता चिर्यूकिन ने 28 हिट्स के साथ रजत पदक जीता, जबकि जापान के योशियोका दाई ने 31 हिट्स के विश्व रिकॉर्ड स्कोर के साथ स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया।
फाइनल के निर्णायक चरण से पहले तीनों पदक विजेता 21-21 हिट्स के साथ बराबरी पर थे। पेनल्टीमेट सीरीज में चिर्यूकिन ने पांच में से चार निशाने साधकर दबाव बनाया। इसके जवाब में दाई ने शानदार प्रदर्शन करते हुए परफेक्ट सीरीज लगाई और बढ़त हासिल कर ली। 2018 राष्ट्रमंडल खेलों के स्वर्ण पदक विजेता अनीश इस चरण में केवल दो हिट्स ही कर सके और पदक दौड़ में तीसरे स्थान पर रहे।
अंतिम सीरीज में क्वालीफिकेशन टॉपर चिर्यूकिन ने तीन हिट्स लगाए। दाई को स्वर्ण पक्का करने के लिए सिर्फ बराबरी की जरूरत थी लेकिन 40 वर्षीय जापानी निशानेबाज ने लगातार दूसरी परफेक्ट सीरीज लगाकर अपनी श्रेष्ठता साबित कर दी। फाइनल में पहुंचे अन्य भारतीय निशानेबाज आदर्श सिंह ने 11 हिट्स के साथ छठा स्थान हासिल किया।
क्वालीफिकेशन राउंड में भव्येश शेखावत 577 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहे और वे शीर्ष भारतीय निशानेबाज थे, लेकिन वे केवल रैंकिंग प्वाइंट्स (RPO) के लिए प्रतिस्पर्धा कर रहे थे, इसलिए फाइनल में हिस्सा नहीं ले सके। अनीश (574) और आदर्श (573) क्रमशः सातवें और आठवें स्थान पर रहे। राजकंवर सिंह संधू (567) 10वें और नीरज कुमार (561) 18 प्रतिभागियों में 16वें स्थान पर रहे।


