24 C
Kolkata
Saturday, May 30, 2026

फीफा विश्व कप 2026 के लिए अर्जेंटीना की टीम घोषित, महानायक लियोनेल मेसी की अगुवाई में उतरेगा गत चैंपियन

ब्यूनस आयर्स । फुटबॉल के सबसे बड़े महाकुंभ ‘फीफा विश्व कप 2026’ के लिए गत विजेता अर्जेंटीना ने अपनी मजबूत 26 सदस्यीय टीम का आधिकारिक एलान कर कर दिया है। टीम के मुख्य कोच लियोनेल स्कालोनी ने एक बार फिर दुनिया के महानतम खिलाड़ियों में शुमार अनुभवी स्टार लियोनेल मेसी पर भरोसा जताते हुए उन्हें टीम की कमान सौंपी है। इस वैश्विक टूर्नामेंट का गवाह बनने जा रहे फुटबॉल प्रेमियों की नजरें एक बार फिर मेसी के जादुई खेल पर टिकी होंगी।

जून से सजेगा महाकुंभ, तैयारियों के लिए खेलेगा मैत्री मैच
उल्लेखनीय है कि आगामी फीफा विश्व कप का भव्य आयोजन 11 जून से संयुक्त रूप से अमेरिका, कनाडा और मेक्सिको की धरती पर होने जा रहा है। विश्व कप के मुख्य मुकाबलों से पहले अपनी रणनीतियों और तैयारियों को पुख्ता करने के उद्देश्य से अर्जेंटीना की टीम 6 जून को होंडुरास और 9 जून को आइसलैंड के खिलाफ दो महत्वपूर्ण मैत्री (वार्म-अप) मुकाबले खेलेगी। इन मैचों के ठीक बाद पूरी टीम अमेरिका के कैनसस सिटी स्थित अपने मुख्य बेस कैंप (प्रशिक्षण केंद्र) के लिए रवाना हो जाएगी।

ग्रुप ‘जे’ में शामिल अर्जेंटीना, अल्जीरिया से होगी पहली भिड़ंत
टूर्नामेंट के प्रारूप के अनुसार अर्जेंटीना को ग्रुप ‘जे’ में रखा गया है। गत चैंपियन टीम अपने विश्व कप अभियान की शुरुआत 16 जून को अल्जीरिया के खिलाफ होने वाले मुकाबले से करेगी। इसके बाद ग्रुप चरण के अन्य कड़े मैचों में उसका सामना ऑस्ट्रिया और जॉर्डन जैसी चुनौतीपूर्ण टीमों से होगा। कोच स्कालोनी ने टीम में अनुभव और युवा ऊर्जा का बेहतरीन संतुलन बनाने का प्रयास किया है, ताकि वे अपने खिताब की रक्षा सफलतापूर्वक कर सकें।

विश्व कप के लिए घोषित पूर्ण अर्जेंटीना टीम
घोषित टीम के गोलकीपिंग विभाग की जिम्मेदारी स्टार गोलकीपर एमिलियानो मार्टिनेज, जेरोनिमो रूली और जुआन मुसो को सौंपी गई है। रक्षापंक्ति (डिफेंडर) को मजबूती देने के लिए टीम में लिएंड्रो बालेरदी, निकोलस टैग्लियाफिको, गोंजालो मोंटियल, लिसांद्रो मार्टिनेज, क्रिस्टियन रोमेरो, निकोलस ओटामेंडी, फाकुंडो मेडिना और नाहुएल मोलिना को शामिल किया गया है। वहीं, मध्यपंक्ति (मिडफील्डर) में खेल को नियंत्रित करने के लिए लिएंड्रो परेडेस, रोड्रिगो डी पॉल, वैलेंटिन बार्को, जियोवानी लो सेल्सो, एक्सेक्विएल पालासियोस, एलेक्सिस मैक एलिस्टर और एंजो फर्नांडेज रणनीति का हिस्सा होंगे। अग्रिम पंक्ति (फॉरवर्ड) यानी आक्रमण की कमान खुद कप्तान लियोनेल मेसी के साथ जूलियन अल्वारेज, निकोलस गोंजालेज, थियागो अल्माडा, गिउलियानो सिमेओने, निको पाज और लाउतारो मार्टिनेज संभालेंगे।

Related Articles

नवीनतम लेख