पूर्वी सिंहभूम। मानगो नगर निगम चुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। चुनावी सरगर्मी के बीच ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) में अंदरूनी कलह खुलकर सामने आ गई है।
पार्टी की ओर से मेयर पद के लिए जेबा कादरी को समर्थन देने की घोषणा के तुरंत बाद संगठन में असंतोष फूट पड़ा और बुधवार को प्रदेश महासचिव बाबर खान ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया। उनके साथ ही जिला अध्यक्ष फखरुद्दीन अंसारी ने भी नाराजगी जताते हुए पद छोड़ दिया।
बताया जा रहा है कि एआईएमआईएम ने न सिर्फ मेयर प्रत्याशी जेबा कादरी को समर्थन दिया है, बल्कि नगर निगम के कुछ वार्डों में पार्षद उम्मीदवारों को भी आधिकारिक समर्थन देने का निर्णय लिया है। इस फैसले को लेकर जिला इकाई ने आपत्ति जताई है। बाबर खान का आरोप है कि इतना महत्वपूर्ण राजनीतिक निर्णय लेने से पहले जिला नेतृत्व से कोई विचार-विमर्श नहीं किया गया। उनका कहना है कि प्रदेश अध्यक्ष को कम से कम जिला अध्यक्ष से सलाह लेनी चाहिए थी, क्योंकि स्थानीय राजनीतिक समीकरणों की बेहतर समझ जिला संगठन को होती है।


