अलवर। राजस्थान के अलवर शहर में गुरुवार देर रात एक बुजुर्ग व्यवसायी की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। नगर निगम के पूर्व चेयरमैन के मामा और व्यवसायी दिनेश अग्रवाल (80) की उनके घर में हत्या कर दी गई। आरोप है कि वारदात के बाद बदमाश करीब तीन लाख रुपये की नकदी लेकर फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
हाथ-पैर बांधकर वारदात को दिया अंजाम
पुलिस के अनुसार, दिनेश अग्रवाल घर में अकेले रहते थे। उनका बेटा विकास अग्रवाल शहर के स्कीम-4 क्षेत्र में रहता है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बदमाशों ने वारदात से पहले बुजुर्ग के हाथ-पैर बांध दिए और उसके बाद उनकी हत्या कर दी।
मृतक पुराने और कटे-फटे नोट बदलने का काम करते थे, जिसके कारण उनके पास अक्सर नकदी रहती थी। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हत्या और लूट के कारणों की हर पहलू से जांच की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और संदिग्धों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दीपक शर्मा ने बताया कि मामले के खुलासे के लिए विभिन्न पुलिस टीमों का गठन किया गया है और जल्द आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।
घटना की जानकारी मिलने पर नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिजनों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की और पुलिस से आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की। साथ ही उन्होंने जिले की कानून-व्यवस्था को लेकर भी चिंता जताई।
