29 C
Kolkata
Friday, July 17, 2026

साकची बाजार में फल व्यापारी के कर्मचारी से मारपीट, आरोपी गिरफ्तार

पूर्वी सिंहभूम। जमशेदपुर के साकची बाजार में शुक्रवार को एक फल व्यापारी के कर्मचारी के साथ कथित मारपीट का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें एक युवक कर्मचारी के साथ मारपीट करता दिखाई दे रहा है। घटना के दौरान बाजार में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

जानकारी के अनुसार, मानगो के शंकोसाई निवासी फल व्यवसायी सत्यनारायण केसरी की साकची बाजार स्थित फल गद्दी पर उनका कर्मचारी माधव चातर काम कर रहा था। इसी दौरान मोहम्मद फहीम वहां पहुंचा और किसी बात को लेकर हुए विवाद के बाद कर्मचारी माधव चातर तथा एक अधेड़ व्यक्ति के साथ मारपीट कर दी।

घटना का वीडियो आया सामने

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आरोपी ने कर्मचारी के साथ हाथापाई की, जिससे कुछ देर के लिए बाजार में तनाव का माहौल बन गया। घटना के दौरान मौजूद लोग तमाशबीन बने रहे और किसी ने बीच-बचाव नहीं किया।

बताया गया है कि घायल कर्मचारी माधव चातर आदिवासी समाज से संबंध रखते हैं और मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते हैं। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने उन्हें सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया।

पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

घटना की जानकारी मिलने पर फल व्यवसायी सत्यनारायण केसरी ने पूर्व भाजपा नेता विकास सिंह को इसकी सूचना दी। इसके बाद पुलिस को मामले की जानकारी दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी मोहम्मद फहीम को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने बताया कि घटना के वीडियो को भी जांच में शामिल किया गया है। मारपीट की वजह और विवाद की परिस्थितियों की जांच की जा रही है।

Related Articles

नवीनतम लेख