31.4 C
Kolkata
Friday, August 14, 2026

नेवता करने गए युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत; परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप, जांच में जुटी पुलिस

सीवान/मशरख । सीवान और सारण जिले की सीमा पर स्थित मशरख थाना क्षेत्र के चांद चुनरिया गांव में एक युवक की संदिग्ध मौत से इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतक की पहचान सीवान जिले के लकड़ीनबीगंज थाना क्षेत्र के पड़ौली चनुआ गांव निवासी धनंजय राय (पिता- मनोज राय) के रूप में हुई है। इस घटना के बाद मृतक के परिजनों ने साजिश के तहत हत्या किए जाने की आशंका जताई है।

परिजनों के अनुसार, धनंजय राय अपने दो साथियों के साथ बाइक पर सवार होकर मशरख के चांद चुनरिया गांव में अपने एक रिश्तेदार के यहां ‘नेवता’ (आमंत्रण) देने गया था। बताया जा रहा है कि गांव पहुंचने से पहले रास्ते में तीनों ने रुककर ताड़ी पी थी।

रिश्तेदार के घर पहुंचने के कुछ ही देर बाद धनंजय की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी और वह कुर्सी से नीचे गिर पड़ा। आनन-फानन में उसे स्थानीय डॉक्टर के पास ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।

घटना की खबर मिलते ही परिजन मशरख पहुंचे और शव को लेकर लकड़ीनबीगंज थाना आए। परिजनों का सीधा आरोप है कि धनंजय की मौत स्वाभाविक नहीं है, बल्कि द्वार पूजा से पहले एक सोची-समझी साजिश के तहत उसकी हत्या की गई है। उन्होंने पुलिस से मामले की गहन जांच और पोस्टमार्टम कराने की मांग की है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सीवान सदर अस्पताल भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि मौत ताड़ी के सेवन से हुई, किसी बीमारी से या फिर इसमें कोई आपराधिक साजिश शामिल है। फिलहाल पुलिस मृतक के साथ गए दोनों साथियों और स्थानीय लोगों से पूछताछ कर रही है।

Related Articles

नवीनतम लेख