किशनगंज। जिले के बहादुरगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत मोहम्मद नगर पंचायत के खोदागंज गांव के समीप शुक्रवार काे सड़क हादसे में 28 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक प्रेम कुमार दास, पिता–दिनबंधु दास, निवासी ग्राम शिवगंज बालूबाड़ी, पोस्ट-खोदागंज है। जानकारी के अनुसार, प्रेम कुमार दास रोज़ की तरह शुक्रवार सुबह अपने दुकान खोदागंज चौक जाने के लिए निकले थे। इसी दौरान तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने कथित रूप से विपरीत दिशा से आकर उन्हें जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने उन्हें उठाकर संभालने की कोशिश की, लेकिन उन्होंने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। बताया जाता है कि एंबुलेंस की व्यवस्था नहीं हो पाने के कारण परिजनों को काफी देर तक इंतजार करना पड़ा, जिसके बाद शव को निजी पिकअप वाहन से बहादुरगंज थाना ले जाया गया। वहां से शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, किशनगंज भेजा गया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त पिकअप वाहन को जब्त कर लिया है।
मृतक के परिजन ने आरोप लगाया है कि चालक ने लापरवाहीपूर्वक और गलत दिशा में वाहन चलाते हुए टक्कर मारी। उनका यह भी कहना है कि वाहन पर टेंट का ओवरलोड सामान लदा हुआ था, जिससे हादसा और भी गंभीर हो गया। परिजनों के अनुसार, मृतक की शादी महज सवा महीने पहले ही हुई थी और उसकी पत्नी गर्भवती है। घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मृतक ही परिवार का एकमात्र कमाने वाला सदस्य था। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आरोपी चालक की तलाश की जा रही है।

