28 C
Kolkata
Sunday, August 16, 2026

तेज रफ्तार कार ने सांड़ को मारी टक्कर, मौत

पूर्वी सिंहभूम। पूर्वी सिंहभूम जिले के बरसोल थाना क्षेत्र अंतर्गत दूधकुंडी चौक के पास एनएच-49 पर सोमवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। तेज रफ्तार मारुति सुजुकी ग्रैंड विटारा कार ने सड़क पर अचानक आए एक सांड़ को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि सांड़ की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार में लगे एयर बैग खुल जाने से उसमें सवार दोनों लोगों की जान बच गई। हादसे में कार चालक को मामूली चोटें आई हैं।
जानकारी के अनुसार कार संख्या बीआर-06-डीडब्ल्यू-7810 में सवार दो लोग बहरागोड़ा से खड़गपुर की ओर जा रहे थे। जैसे ही उनकी कार दारीसोल अंडरपास के समीप पहुंची, तभी सड़क पर अचानक एक सांड़ सामने आ गया। चालक को संभलने का मौका नहीं मिला और कार सीधे सांड़ से टकरा गई। स्थानीय लोगों के मुताबिक टक्कर के बाद कार करीब 100 मीटर तक सांड़ को घसीटते हुए सड़क के डिवाइडर से जा टकराई और फिर सड़क पर ही रुक गई।
घटना की सूचना मिलते ही बरसोल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त कार को क्रेन की मदद से थाना ले जाया गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। हादसे के बाद कुछ देर के लिए सड़क पर अफरातफरी का माहौल रहा, जिसे पुलिस ने नियंत्रित किया।

Related Articles

नवीनतम लेख