विदिशा । मध्य प्रदेश के विदिशा रेलवे स्टेशन से आज बुधवार को मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के अंतर्गत द्वारका-सोमनाथ तीर्थ यात्रा के लिए एक विशेष ट्रेन रवाना होगी। इस विशेष रेलगाड़ी से जिले के 196 बुजुर्ग श्रद्धालुओं को तीर्थ दर्शन के लिए भेजा जा रहा है। यह विशेष ट्रेन तीर्थ दर्शन का लाभ कराने के उपरांत 2 जून को वापस विदिशा लौटेगी। तीर्थयात्रियों की सुविधा के लिए प्रशासन की ओर से व्यापक तैयारियां की गई हैं।
रेलवे स्टेशन पर विशेष प्रबंध, प्रशासनिक अधिकारियों को सौंपे गए दायित्व
विदिशा के अनुविभागीय दंडाधिकारी (एसडीएम) क्षितिज शर्मा ने बताया कि द्वारका-सोमनाथ तीर्थयात्रा पर जाने वाले बुजुर्गों की सहूलियत के लिए विदिशा रेलवे स्टेशन पर पुख्ता प्रबंध किए गए हैं। इसके लिए तहसीलदार और नायब तहसीलदार स्तर के अधिकारियों को स्टेशन परिसर के भीतर विभिन्न प्रकार के महत्वपूर्ण दायित्व सौंपे गए हैं। यात्रियों को बिना किसी असुविधा के आरक्षित टिकट मिल सकें, इसके लिए प्लेटफार्म संख्या एक पर कुल 11 विशेष सहायता काउंटर बनाए गए हैं।
विभिन्न तहसीलों के लिए बनाए गए अलग-अलग टिकट काउंटर
स्टेशन पर भीड़ से बचने और सुव्यवस्थित टिकट वितरण के लिए तहसीलों के अनुसार काउंटरों का विभाजन इस प्रकार किया गया है। काउंटर 1, 2 व 3: तहसीलदार प्रीति पंथी एवं राजस्व निरीक्षक सीपी शर्मा की देखरेख में यहाँ से विदिशा नगरीय व ग्रामीण, ग्यारसपुर तथा गुलाबगंज तहसील के यात्रियों को टिकट दिए जाएंगे।
काउंटर 4, 5 व 6: नायब तहसीलदार शुभम बघेल एवं राजस्व निरीक्षक प्रहलाद मीना द्वारा यहाँ से बासौदा, त्योंदा और कुरवाई तहसील के बुजुर्गों को टिकट वितरित किए जाएंगे।
काउंटर 7, 8 व 9: नायब तहसीलदार निधि लोधी एवं राजस्व निरीक्षक सुधीर जैन की निगरानी में यहाँ से पठारी, सिरोंज और लटेरी तहसील के श्रद्धालुओं को टिकट मिलेंगे।
काउंटर 10 व 11: नायब तहसीलदार बलीराम साहू एवं प्रभारी राजस्व निरीक्षक रामगोपाल परिहार द्वारा यहाँ से शमशाबाद और नटेरन तहसील के तीर्थयात्रियों को टिकट बांटे जाएंगे।
सुबह 11 बजे से तैनात रहेंगे कर्मचारी
एसडीएम ने बताया कि सुचारू व्यवस्था के लिए प्रत्येक काउंटर पर तीन-तीन सहयोगी कर्मचारियों की भी तैनाती की गई है। टिकट वितरण और सहायता कार्य में लगे सभी अधिकारियों व कर्मचारियों को कड़े निर्देश दिए गए हैं कि वे प्रातः 11:00 बजे से अपने आवंटित ड्यूटी स्थल पर अनिवार्य रूप से उपस्थित रहेंगे, ताकि बुजुर्ग यात्रियों को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
