25 C
Kolkata
Thursday, April 30, 2026

मजदूरों से भरा पिकअप वाहन पलटा, 6 बच्चों समेत 16 की मौत; PM और CM ने किया मुआवजे का ऐलान

धार/भोपाल । मध्य प्रदेश के धार जिले में बुधवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया। इंदौर-अहमदाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर चिकलिया फाटा के पास एक तेज रफ्तार पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया और दूसरी ओर से आ रही स्कॉर्पियो से टकरा गया। इस भीषण दुर्घटना में 6 बच्चों और 9 महिलाओं समेत कुल 16 लोगों की मौत हो गई, जबकि 20 से अधिक लोग घायल हैं।

रफ्तार का कहर: टायर फटने से हुआ हादसा
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा रात करीब 8:30 बजे हुआ। पिकअप वाहन लगभग 100 किमी/घंटा की रफ्तार में था। अचानक वाहन का टायर फट गया, जिससे चालक ने नियंत्रण खो दिया। वाहन तीन-चार बार पलटी खाते हुए डिवाइडर लांघकर सड़क के दूसरी तरफ चला गया और सामने से आ रही स्कॉर्पियो से जा टकराया।

हादसे के समय पिकअप में करीब 46 मजदूर सवार थे। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मौके पर ही चीख-पुकार मच गई और सड़क पर लाशों का ढेर लग गया।

प्रशासनिक मुस्तैदी और राहत कार्य
घटना की सूचना मिलते ही प्रभारी कलेक्टर अभिषेक चौधरी और एसपी मयंक अवस्थी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। राहगीरों की मदद से घायलों को तुरंत धार जिला अस्पताल पहुंचाया गया। 7 लोगों की नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें इंदौर रेफर किया गया है। इंदौर के अस्पतालों को अलर्ट पर रखा गया है और घायलों का निःशुल्क उपचार किया जा रहा है।

मृतकों की पहचान
हादसे में जान गंवाने वाले अधिकांश लोग धार के नयापुरा, सेमलीपुरा और रामपुरा क्षेत्र के निवासी थे। मृतकों में 9 वर्षीय तनु, 14 वर्षीय सुमित, 15 वर्षीय गोकुल और 35 वर्षीय अंगूरी बाई जैसे मासूम बच्चे और महिलाएं शामिल हैं।

मुआवजे की घोषणा
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इस दुखद घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है।
प्रधानमंत्री राहत कोष (PMNRF): मृतकों के परिजनों को: ₹2-2 लाख, घायलों को: ₹50-50 हजार
मुख्यमंत्री सहायता: मृतकों के परिजनों को: ₹4-4 लाख, गंभीर घायलों को: ₹1 लाख, सामान्य घायलों को: ₹50 हजार

प्रभारी मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने भी घटना पर शोक व्यक्त करते हुए प्रशासन को पीड़ितों की हर संभव मदद करने के निर्देश दिए हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार पिकअप चालक की तलाश जारी है।

Related Articles

नवीनतम लेख