सिमडेगा। सोना बुरु जंगल प्रोड्यूसर कंपनी की वार्षिक आम सभा , लचडागढ़ सिमडेगा में अत्यंत उत्साहपूर्ण और प्रेरणादायक वातावरण में संपन्न हुई। इस ऐतिहासिक आयोजन में 1400 से अधिक शेयरधारक, ग्रामसभा प्रतिनिधि, जनप्रतिनिधि तथा विभिन्न सहयोगी संस्थाओं के प्रतिनिधि बड़ी संख्या में शामिल हुए। झारखंड के सिमडेगा जिले में वनाश्रित समुदायों—विशेषकर आदिवासी महिलाओं—के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए कार्यरत सोना बुरु जंगल प्रोड्यूसर कंपनी, साल बीज, चिरौंजी, करंज जैसी लघु वन उपजों के संग्रह, प्रसंस्करण एवं विपणन के माध्यम से अपने शेयरधारकों को आजीविका से जोड़ने का कार्य कर रही है।
कार्य समीक्षा, नई योजना और सम्मान समारोह
वार्षिक आम सभा में बीते वर्ष के कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई, चालू वर्ष की कार्ययोजना प्रस्तुत की गई तथा भविष्य के लिए नए लक्ष्य तय किए गए। इस दौरान शेयर प्रमाणपत्रों का वितरण किया गया और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले शेयरधारकों को सम्मानित किया गया, जिससे उपस्थित लोगों में उत्साह और विश्वास का संचार हुआ।
खरीदार कंपनी एएके की मौजूदगी से बढ़ा भरोसा
सभा में खरीददार कंपनी एएके के प्रतिनिधियों की उपस्थिति ने कार्यक्रम को और भी महत्वपूर्ण बना दिया। इससे शेयरधारकों को यह भरोसा मिला कि उनकी वन उपज को सीधे बाजार से जोड़कर उचित और लाभकारी मूल्य दिलाया जाएगा।
इस अवसर पर विधायक नमन बिक्सल कोंगाङी ने कहा—“सोना बुरु जंगल प्रोड्यूसर कंपनी ने साल बीज की रॉयल्टी देकर ग्रामसभाओं को मजबूत किया है। खरीदार कंपनी की मौजूदगी से यह सुनिश्चित होगा कि वन उपज का सही मूल्य मिले और ग्रामसभाएँ आर्थिक रूप से और सशक्त बनें।”आत्मनिर्भरता की ओर मजबूत कदम वार्षिक आम सभा का यह आयोजन सोना बुरु जंगल प्रोड्यूसर कंपनी के लिए एक महत्वपूर्ण पड़ाव साबित हुआ। शेयरधारकों का उत्साह, जनप्रतिनिधियों का समर्थन और एएके जैसी खरीदार कंपनी की सहभागिता ने यह स्पष्ट कर दिया कि आदिवासी वनाश्रित समुदाय अब केवल संग्रहकर्ता नहीं, बल्कि एक संगठित, आत्मनिर्भर और सशक्त उत्पादक समूह के रूप में उभर रहे हैं।कंपनी ने भविष्य में भी शेयरधारकों को उनकी वन उपज का उचित मूल्य दिलाने और ग्रामसभाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने की प्रतिबद्धता दोहराई।
जनप्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति
कार्यक्रम में माननीय विधायक नमन बिक्सल कोंगाङी, जिला परिषद अध्यक्ष रोस प्रतिमा सोरेंग, जिला परिषद सदस्य अजय टोप्पो (ठेठईटांगर), संयुक्त आदिवासी मोर्चा के प्रदीप टोप्पो, सांसद प्रतिनिधि अजीत कन्डुलना, आईएसबी से ऑगस्टिना, चंद्रकांता, सुनीता, सुदामा, असरफ, विनोद एवं आशीष, एएके कंपनी के प्रतिनिधि अनुभव श्रीवास्तव, आईसीएफजी से कुंदन कुमार एवं सूर्यमनी, सहित क्षेत्र की विभिन्न ग्रामसभाओं के अध्यक्ष एवं सचिव उपस्थित रहे।


