29 C
Kolkata
Tuesday, June 2, 2026

बोकारो में प्रिंस खान गैंग के बड़े मॉड्यूल का भंडाफोड़, मुख्य सहयोगी राकेश कुमार गिरफ्तार; खातों में आए थे डेढ़ लाख

बोकारो । झारखंड के बोकारो जिले की बालीडीह थाना पुलिस ने धनबाद और आसपास के इलाकों में आतंक का पर्याय बने कुख्यात गैंगस्टर प्रिंस खान के बोकारो मॉड्यूल का बड़ा भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गैंग के प्रमुख सहयोगी राकेश कुमार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। मंगलवार को बालीडीह थाने में आयोजित एक उच्च स्तरीय प्रेसवार्ता के दौरान डीएसपी (मुख्यालय) पवन कुमार ने इस सफलता की आधिकारिक घोषणा की। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपित सीधे तौर पर प्रिंस खान के अंतरराष्ट्रीय व्हाट्सएप नंबर के संपर्क में था और उसी के इशारे पर स्थानीय कारोबारियों से रंगदारी वसूलने की बड़ी साजिश रच रहा था।

बीएमडब्ल्यू प्लांट के मैनेजर से मांगी थी रंगदारी, एसआईटी ने दबोचा

पूरा मामला औद्योगिक क्षेत्र से जुड़ा हुआ है। मिली जानकारी के अनुसार, बीते 12 मार्च 2026 को बोकारो स्थित बीएमडब्ल्यू प्लांट के मैनेजर सुरेश कुमार सिंह ने बालीडीह थाने में एक लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में कहा गया था कि फैक्ट्री के शांतिपूर्ण संचालन के बदले प्रिंस खान गिरोह की ओर से भारी-भरकम रंगदारी की मांग की जा रही है और रकम न देने पर जान से मारने व गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी जा रही है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कांड संख्या 56/26 दर्ज कर एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया था, जिसने तकनीकी व मानवीय साक्ष्यों के आधार पर जाल बिछाकर राकेश को दबोच लिया।

धमकी भरा पर्चा छोड़कर बनाया था वीडियो, मोबाइल से मिले कई अहम सबूत

पुलिसिया पूछताछ में आरोपित राकेश कुमार ने प्रिंस खान गैंग के लिए काम करने की बात को पूरी तरह स्वीकार कर लिया है। उसने बताया कि प्रिंस खान के सीधे निर्देश पर ही उसने बकायदा धमकी भरा पर्चा लिखा था और उसे फैक्ट्री परिसर के पास छोड़ा था। दहशत फैलाने के उद्देश्य से बाद में उसी पर्चे का एक वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल किया गया था ताकि कंपनी पर दबाव बनाया जा सके। पुलिस ने आरोपित के पास से घटना में इस्तेमाल किया गया रेडमी-8 मोबाइल फोन बरामद किया है। इस फोन के भीतर से पुलिस को प्रिंस खान के साथ की गई व्हाट्सएप चैट, कई कॉल रिकॉर्डिंग्स और वित्तीय लेन-देन से जुड़े महत्वपूर्ण डिजिटल साक्ष्य हाथ लगे हैं।

काम के बदले दो बैंक खातों में भेजे गए थे 1.50 लाख रुपये

डीएसपी ने वित्तीय कड़ियों का खुलासा करते हुए बताया कि इस आपराधिक कृत्य को अंजाम देने के एवज में विदेशों में छिपे गैंगस्टर प्रिंस खान ने आरोपित राकेश कुमार के दो अलग-अलग बैंक खातों में कुल 1.50 लाख रुपये की राशि ट्रांसफर की थी। पुलिस ने इन दोनों बैंक खातों को फ्रीज (सीज) करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। बोकारो पुलिस अब इस मॉड्यूल के अन्य संभावित कड़ियों, स्थानीय मददगारों और स्लीपर सेल्स का पता लगाने के लिए बरामद मोबाइल डेटा के आधार पर आगे की सघन जांच और छापेमारी कर रही है।

Related Articles

नवीनतम लेख