26.4 C
Kolkata
Thursday, July 23, 2026

राज्यपाल से मिला हिन्दू जनजागृति समिति का शिष्टमंडल, डिजिटल व्यसन व उपभोक्ता हितों के मुद्दे उठाए

रांची । झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार से बुधवार को हिन्दू जनजागृति समिति के राज्य समन्वयक शंभू गवारे के नेतृत्व में एक शिष्टमंडल ने रांची स्थित लोकभवन में मुलाकात की। इस दौरान शिष्टमंडल ने विभिन्न समसामयिक और जनहित से जुड़े मुद्दों पर राज्यपाल का ध्यान आकृष्ट करते हुए ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन में निजी बस संचालन में ऑनलाइन ट्रैवल एग्रीगेटर प्लेटफॉर्म्स द्वारा कथित रूप से अधिक किराया वसूली का मुद्दा प्रमुख रूप से उठाया गया। साथ ही डिजिटल माध्यमों के दुरुपयोग से उत्पन्न उपभोक्ता हितों से जुड़ी चुनौतियों पर चिंता व्यक्त करते हुए इस दिशा में एक समग्र राष्ट्रीय नीति बनाए जाने की आवश्यकता पर बल दिया गया।

इसके अतिरिक्त, शिष्टमंडल ने विद्यार्थियों में बढ़ते ‘डिजिटल व्यसन’ को गंभीर समस्या बताते हुए बच्चों और युवाओं के शारीरिक व मानसिक विकास पर इसके दुष्प्रभाव को रेखांकित किया। उन्होंने ‘स्क्रीन टाइम’ के विनियमन और डिजिटल उपयोग के लिए स्पष्ट दिशा-निर्देश तय करने की जरूरत बताई।

शिष्टमंडल ने महाराष्ट्र के नासिक स्थित एक बहुराष्ट्रीय कंपनी में सामने आए एक प्रकरण का हवाला देते हुए कार्यस्थलों पर महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और अधिकारों को लेकर भी चिंता जताई। उन्होंने ऐसे मामलों में प्रभावी और निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए पहल की मांग की।

इस अवसर पर विश्व हिंदू परिषद, झारखंड प्रांत के अध्यक्ष चंद्रकांत रायपत, पुरातात्विक विशेषज्ञ एवं समाजसेवी एसडी सिंह, पूजा चौहान समेत अन्य लोग भी मौजूद थे।

Related Articles

नवीनतम लेख