27 C
Kolkata
Monday, August 17, 2026

मुंबई इंडियंस ने डब्ल्यूपीएल 2026 की जर्सी लॉन्च की

मुंबई। डिफेंडिंग चैंपियन मुंबई इंडियंस ने बुधवार को महिला प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) 2026 की आधिकारिक जर्सी का अनावरण किया। फ्रेंचाइज़ी की ओर से जारी बयान के अनुसार, नई जर्सी एक बार फिर मुंबई शहर और उसके लोगों से प्रेरित है, जो हमेशा गतिशील, ऊर्जा से भरपूर और आगे बढ़ते रहने का प्रतीक है।
टीम की पहचान की तरह ही यह जर्सी भी रोज़मर्रा की मुंबई की लय को दर्शाती है, जो कभी थमती नहीं। इस सीजन में भी आइकॉनिक ब्लू और गोल्ड रंगों को बरकरार रखा गया है, जिनके साथ कोरल टच जोड़ा गया है। ये रंग गति, मजबूती और निरंतर आगे बढ़ने की भावना का प्रतिनिधित्व करते हैं। नई जर्सी की मुख्य थीम “विकेट पल्स” है। जर्सी के आगे और पीछे सजा नीला रंग मुंबई की लगातार चलती ज़िंदगी से प्रेरित है—चाहे वह लोकल ट्रेन की रफ्तार हो या समंदर की लहरें। यह उस कभी न रुकने वाले जज़्बे को दर्शाता है, जो मुंबई और मुंबई इंडियंस दोनों की पहचान है। वहीं सुनहरा रंग आत्मविश्वास और निरंतरता का प्रतीक है, जबकि हल्के कोरल एक्सेंट मुंबईवासियों के आपसी अपनापन और #OneFamily की भावना को खास बनाते हैं।
यह जर्सी सिर्फ एक किट नहीं, बल्कि एक कहानी है—एक शहर और उसके लोगों की, उन खिलाड़ियों की जो इस धड़कन को मैदान पर जीते हैं और मुंबई इंडियंस पलटन के उस अटूट समर्थन की, जिसकी ऊर्जा टीम को मैदान के अंदर और बाहर प्रेरित करती है।
इससे पहले, मुंबई इंडियंस ने डब्ल्यूपीएल 2026 से पहले क्रिस्टन बीम्स को स्पिन बॉलिंग कोच नियुक्त किया था। पूर्व ऑस्ट्रेलियाई लेग स्पिनर बीम्स 2017 वनडे वर्ल्ड कप में ऑस्ट्रेलिया के लिए तीसरी सबसे ज्यादा विकेट लेने वाली गेंदबाज रही थीं। अपने करियर में उन्होंने 1 टेस्ट, 30 वनडे, 18 टी-20 अंतरराष्ट्रीय और 45 डब्ल्यूबीबीएल मैच खेले। कोचिंग के क्षेत्र में भी उनका अनुभव शानदार रहा है—वह डब्ल्यूबीबीएल और द हंड्रेड में कोचिंग कर चुकी हैं, ऑस्ट्रेलिया अंडर-19 महिला टीम की कोच रही हैं और क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया में नेशनल डेवलपमेंट लीड की भूमिका निभा चुकी हैं।
बीम्स ने कहा, “झूलन गोस्वामी जैसी महान खिलाड़ी के साथ काम करना मेरे लिए एक शानदार मौका है। यह टीम सिर्फ जीतने की संस्कृति नहीं, बल्कि एक परिवार जैसी है। एक कोच के तौर पर ऐसे माहौल में आना किसी भी व्यक्ति का सपना होता है, जहां टीम एकजुट हो और जीतना जानती हो।”

Related Articles

नवीनतम लेख