30 C
Kolkata
Thursday, August 27, 2026

खेलो इंडिया संवाद में युवाओं से जुड़ेंगे प्रधानमंत्री, जबलपुर पहुंचेंगे सीएम

जबलपुर। राष्ट्रीय खेल दिवस पर गुरुवार को जबलपुर युवाओं और खेल गतिविधियों से जुड़े एक बड़े आयोजन का गवाह बनेगा। शासकीय महाकौशल कला एवं वाणिज्य महाविद्यालय में आयोजित ‘माय भारत युवा कनेक्ट-खेलो इंडिया संवाद’ में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मौजूद रहेंगे। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी देशभर की लगभग 1600 संस्थाओं से जुड़े 8 लाख से अधिक युवाओं से वर्चुअल संवाद करेंगे। जबलपुर के कार्यक्रम में शामिल युवा प्रधानमंत्री का संबोधन लाइव सुनेंगे।

जनसम्पर्क अधिकारी माथन सिंह उइके के मुताबिक कार्यक्रम का मकसद युवाओं को भारत में खेलों के बढ़ते प्रभाव, विकसित हो रही खेल सुविधाओं और उभरते खेल पारिस्थितिकी तंत्र की जानकारी देना है। आयोजन के माध्यम से युवाओं को खेलों से जुड़ने और अपनी ऊर्जा को रचनात्मक दिशा में लगाने के लिए प्रेरित किया जाएगा।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सुबह 10.45 बजे इंदौर से रवाना होकर डुमना एयरपोर्ट पहुंचेंगे और सुबह 11 बजे महाकौशल कॉलेज के कार्यक्रम में भाग लेंगे। इसके बाद सुबह 11.55 बजे वह डुमना एयरपोर्ट पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का स्वागत करेंगे।

मुख्यमंत्री दोपहर 12.15 बजे रक्षा मंत्री के साथ व्हीकल फैक्टरी में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके बाद साउथ सिविल लाइन्स में स्थानीय कार्यक्रम में भाग लेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री दोपहर 3.15 बजे डुमना एयरपोर्ट पहुंचेंगे और रक्षा मंत्री को विदाई देने के बाद 3.30 बजे वायुयान से भोपाल रवाना होंगे।

राष्ट्रीय खेल दिवस के मौके पर आयोजित इस कार्यक्रम को युवाओं को खेलों से जोड़ने और देश में तैयार हो रहे नए खेल अवसरों की जानकारी देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

Related Articles

नवीनतम लेख