30 C
Kolkata
Thursday, August 27, 2026

पीएम मोदी से जुड़ेंगे 8 लाख युवा, मप्र के 110 कॉलेजों में आयोजन

भोपाल। राष्ट्रीय खेल दिवस पर देश के युवाओं के लिए गुरुवार को एक बड़ा राष्ट्रव्यापी संवाद कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। ‘माय भारत युवा कनेक्ट’ के तहत प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी वर्चुअल माध्यम से देशभर के युवाओं से ‘खेलो इंडिया संवाद’ करेंगे। करीब 1600 संस्थाओं के 8 लाख से अधिक युवा इस कार्यक्रम से जुड़ेंगे। मध्य प्रदेश में 110 महाविद्यालयों को इस आयोजन से जोड़ा गया है, जहां युवा प्रधानमंत्री के संबोधन के साथ खेलों में देश की प्रगति और भविष्य की संभावनाओं पर चर्चा करेंगे।

खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास सारंग ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य युवाओं, खिलाड़ियों और देश के भविष्य को एक मंच पर लाना है। प्रदेश के प्रत्येक जिले में दो महाविद्यालयों में कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इन आयोजनों में युवाओं को स्थानीय खिलाड़ियों के साथ संवाद का अवसर मिलेगा। इसके अलावा सांसद, विधायक, मंत्री और अन्य स्थानीय जनप्रतिनिधि भी युवाओं से बातचीत करेंगे।

मंत्री ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान युवाओं को बीते 12 वर्षों में खेलों के क्षेत्र में हुए बदलावों, बेहतर खेल सुविधाओं और भारत के तेजी से विकसित हो रहे खेल पारिस्थितिकी तंत्र की जानकारी दी जाएगी। इसके साथ ही युवाओं से उनके सुझाव और आकांक्षाएं भी जानी जाएंगी, ताकि खेलों के विकास में उनकी भागीदारी को और मजबूत किया जा सके।

प्रधानमंत्री के बाद खिलाड़ियों और युवाओं से सीधा संवाद

सभी प्रतिभागियों को सुबह 10 बजे तक कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं। प्रधानमंत्री के वर्चुअल संबोधन के बाद स्थानीय कार्यक्रम में माय भारत स्वयंसेवकों और खिलाड़ियों के बीच संवाद होगा। इस दौरान खेल अधोसंरचना में हुए बदलाव और देश के उभरते खेल पारिस्थितिकी तंत्र पर चर्चा की जाएगी।

कार्यक्रम में मौजूद स्थानीय सांसद, विधायक या मंत्री युवाओं को संबोधित करेंगे। इसके बाद लगभग 15 मिनट के संवाद सत्र में युवा अपने विचार, सुझाव और भविष्य की योजनाओं से जुड़ी आकांक्षाएं सामने रखेंगे। आयोजन के जरिए युवाओं में खेलों के प्रति रुचि बढ़ाने के साथ उन्हें देश के खेल विकास की यात्रा से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

Related Articles

नवीनतम लेख