बेंगलुरु। शाहबाज अहमद और सुदीप कुमार घरामी के शानदार शतकों के बाद गेंदबाजों के दमदार प्रदर्शन की बदौलत ईस्ट जोन ने दलीप ट्रॉफी क्वार्टर फाइनल में नॉर्थ ईस्ट जोन को पारी और 210 रन से करारी शिकस्त देकर सेमीफाइनल में जगह बना ली। शाहबाज ने करियर की सर्वश्रेष्ठ 167 रन की पारी खेली, जबकि सुदीप ने 146 रन बनाकर ईस्ट जोन को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया। इसके बाद अभिजीत सरकार और अनुकूल रॉय ने पांच-पांच विकेट लेकर नॉर्थ ईस्ट जोन की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी।
बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस ग्राउंड-2 में खेले गए मुकाबले में ईस्ट जोन ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 467 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। शाहबाज अहमद ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 167 रन बनाए, जो उनके प्रथम श्रेणी करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा। सुदीप कुमार घरामी ने भी बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 146 रन की शतकीय पारी खेली। दोनों बल्लेबाजों ने टीम को बड़े स्कोर की मजबूत नींव दी।
पहली पारी में 111 रन पर सिमटी नॉर्थ ईस्ट
467 रन के जवाब में नॉर्थ ईस्ट जोन की पहली पारी महज 111 रन पर समाप्त हो गई। अभिजीत सरकार ने घातक गेंदबाजी करते हुए सिर्फ 20 रन देकर पांच विकेट चटकाए। शाहबाज अहमद ने गेंद से भी योगदान देते हुए तीन विकेट अपने नाम किए। नॉर्थ ईस्ट जोन की ओर से अर्पित भटेवार 32 रन बनाकर टीम के शीर्ष स्कोरर रहे।
ईस्ट जोन ने बड़ी बढ़त हासिल करने के बाद नॉर्थ ईस्ट जोन को फॉलोऑन दिया। दूसरी पारी में भी नॉर्थ ईस्ट के बल्लेबाज ईस्ट के गेंदबाजों के सामने ज्यादा देर टिक नहीं सके।
अनुकूल रॉय ने पांच विकेट लेकर समेटी पारी
दूसरी पारी में अनुकूल रॉय ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 37 रन देकर पांच विकेट हासिल किए। शाहबाज अहमद और वैभव सूर्यवंशी ने भी महत्वपूर्ण विकेट चटकाकर नॉर्थ ईस्ट पर दबाव बनाए रखा। नॉर्थ ईस्ट की ओर से पीहेरोइजाम जोतिन ने 39 रन बनाकर कुछ संघर्ष किया।
नौवें विकेट के लिए आकाश चौधरी और जोतिन के बीच 39 रन की साझेदारी ने नॉर्थ ईस्ट की हार को कुछ समय के लिए टाल दिया। हालांकि अनुकूल रॉय ने पहले आकाश चौधरी को बोल्ड किया और इसके बाद जोतिन को भी पवेलियन भेजकर ईस्ट जोन की जीत पर मुहर लगा दी।
अब सेंट्रल जोन से होगा सेमीफाइनल
इस शानदार जीत के साथ ईस्ट जोन ने दलीप ट्रॉफी के सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया है। सेमीफाइनल में उसका सामना पिछले सत्र की चैंपियन सेंट्रल जोन से होगा। दोनों टीमों के बीच मुकाबला 30 अगस्त से खेला जाएगा।
स्कोर: ईस्ट जोन 467 रन, नॉर्थ ईस्ट जोन 111 और 146 रन।
