31 C
Kolkata
Tuesday, August 25, 2026

सीसीएल का लंकास्टर अस्पताल भू-धंसान की जद में

गिरिडीह। गिरिडीह में मंगलवार की अहले सुबह भू-धंसान की बड़ी घटना सामने आई, जिसमें सीसीएल गिरिडीह एरिया का लंकास्टर अस्पताल प्रभावित हो गया। भू-धंसान के कारण अस्पताल के दो भवनों का एक हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त होकर जमीन में धंस गया, जबकि अस्पताल परिसर की सड़क और आसपास के बड़े भू-भाग में चौड़ी दरारें पड़ गईं। घटना के बाद अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। समय रहते अस्पताल कर्मियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे किसी तरह के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है।

सुबह करीब चार बजे हुआ भू-धंसान

अस्पताल कर्मी दिलीप कुमार ने बताया कि वह सोमवार रात की पाली में ड्यूटी पर थे। मंगलवार सुबह करीब चार बजे जब वह अन्य कर्मियों के साथ अस्पताल से बाहर निकले तो जमीन और भवन में धंसान होता दिखाई दिया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तत्काल अस्पताल में मौजूद सभी कर्मियों को बाहर निकाला गया और इसकी सूचना सीसीएल अधिकारियों को दी गई।

कर्मियों के मुताबिक, देखते ही देखते जमीन में दरारें बढ़ने लगीं और अस्पताल के भवन भी इसकी चपेट में आने लगे। इससे पूरे अस्पताल परिसर के लिए खतरे की स्थिति पैदा हो गई।

जीएम समेत अधिकारियों ने किया निरीक्षण

घटना की सूचना मिलने के बाद सीसीएल गिरिडीह एरिया के महाप्रबंधक कन्हैया शंकर गैवाल, परियोजना पदाधिकारी गोपाल सिंह मीणा, चिकित्सक पदाधिकारी परिमल सिन्हा और सिविल विभाग के रामाकांत समेत अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने अस्पताल परिसर का निरीक्षण कर भू-धंसान से हुए नुकसान और स्थिति का जायजा लिया।

महाप्रबंधक ने अधिकारियों को तत्काल एहतियाती कदम उठाने का निर्देश दिया। उन्होंने अस्पताल परिसर में किसी भी व्यक्ति के प्रवेश पर रोक लगाने और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। इसके बाद इलाके में सीसीएल गार्ड और होमगार्ड के जवानों की तैनाती कर दी गई है।

जांच के बाद तय होगी आगे की रणनीति

सीसीएल के महाप्रबंधक कन्हैया शंकर गैवाल ने कहा कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। भू-धंसान के कारणों और क्षेत्र की स्थिति का आकलन करने के बाद आगे की रणनीति तय की जाएगी। फिलहाल सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए प्रभावित क्षेत्र में लोगों की आवाजाही रोक दी गई है।

अवैध खनन से जमीन खोखली होने का आरोप

स्थानीय स्तर पर इस इलाके में लंबे समय से बड़े पैमाने पर अवैध कोयला खनन होने की बात कही जाती रही है। बताया जाता है कि दशकों से अवैध खनन के कारण भूमिगत क्षेत्र खोखला हो गया है। इसी वजह से क्षेत्र में समय-समय पर भू-धंसान की घटनाएं सामने आती रही हैं। अब सीसीएल का अस्पताल भी इसकी चपेट में आने से इलाके की सुरक्षा और भूमिगत खनन गतिविधियों को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

Related Articles

नवीनतम लेख