रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सोमवार को रायपुर में आयोजित राज्य स्तरीय सम्मान समारोह में पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के 200 मेधावी बच्चों को सम्मानित करेंगे। श्रम विभाग के अंतर्गत छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल की ओर से संचालित अटल उत्कृष्ट शिक्षा योजना के तहत आयोजित यह कार्यक्रम दोपहर 12 बजे होगा। समारोह में शैक्षणिक और खेलकूद के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित करने के साथ श्रमिक परिवारों के लिए बड़ी आर्थिक सहायता भी जारी की जाएगी।
कार्यक्रम की अध्यक्षता विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह करेंगे। श्रम मंत्री लखनलाल देवांगन अतिविशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे, जबकि छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल के अध्यक्ष डॉ. रामप्रताप सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे। समारोह में प्रदेशभर से आए श्रमिक परिवारों, हितग्राहियों और जनप्रतिनिधियों की भी सहभागिता रहेगी।
समारोह में वर्ष 2025-26 में अध्ययनरत उन मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा, जिन्होंने शिक्षा के साथ खेलकूद के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय प्रदर्शन किया है। इसके अलावा वर्ष 2026-27 में कक्षा छठवीं में नवप्रवेशित 200 प्रतिभावान विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया जाएगा। योजना के माध्यम से निर्माण श्रमिकों के बच्चों को बेहतर शिक्षा के अवसर उपलब्ध कराने और उनकी प्रतिभा को प्रोत्साहित करने का प्रयास किया जा रहा है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री साय श्रम विभाग की 18 श्रमिक कल्याणकारी योजनाओं के तहत 1 लाख 45 हजार 841 पंजीकृत श्रमिकों के बैंक खातों में 39 करोड़ 67 लाख रुपये की सहायता राशि डीबीटी के माध्यम से अंतरित करेंगे। इस राशि से श्रमिक परिवारों को शिक्षा, स्वास्थ्य, सामाजिक सुरक्षा सहित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा।
राज्य सरकार के अनुसार, श्रमिकों और उनके परिवारों का सामाजिक एवं आर्थिक सशक्तीकरण उसकी प्राथमिकताओं में शामिल है। इसी क्रम में श्रमिकों के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने और उनकी प्रतिभा को आगे बढ़ाने के लिए अटल उत्कृष्ट शिक्षा योजना संचालित की जा रही है। योजना के तहत मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित करने के साथ उन्हें आगे की शिक्षा के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है।
