नागपुर। गोधनी नगर पंचायत के फागुजी नगर स्थित वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट में बीती रात रिजर्व क्लोरीन सिलेंडर से गैस का रिसाव होने से हड़कंप मच गया। गैस की चपेट में आने से करीब 40 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जिनमें से 3 की हालत गंभीर है। प्रशासन ने एहतियात के तौर पर प्लांट के आसपास का 200 मीटर का दायरा सील कर दिया है।
रिजर्व सिलेंडर से अचानक शुरू हुआ रिसाव अधिकारियों के अनुसार, प्लांट में क्लोरीन गैस के दो सिलेंडर मौजूद थे, जिनमें से एक उपयोग में था और दूसरा रिजर्व रखा गया था। रात करीब 12:30 बजे रिजर्व सिलेंडर से अचानक रिसाव शुरू हुआ और देखते ही देखते गैस आसपास की रिहायशी बस्ती में फैल गई। लोगों को सांस लेने में तकलीफ और आंखों में जलन होने लगी।
राहत-बचाव कार्य और अस्पताल में भर्ती सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड और NDRF की टीमें मौके पर पहुंचीं। प्रभावित इलाके को खाली कराकर बीमार लोगों को तुरंत मैक्स, मेयो और स्पर्श अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर रूप से प्रभावित 3 मरीजों को ICU में रखा गया है। इसके अलावा स्वास्थ्य विभाग की टीमें इलाके में घर-घर जाकर लोगों के स्वास्थ्य की जांच कर रही हैं।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल घटना के समय प्लांट में किसी भी कर्मचारी के मौजूद न होने की बात सामने आई है। रात के वक्त प्लांट का लावारिस छूटा होना और सुरक्षा मानकों की अनदेखी को लेकर अब प्रशासन और प्लांट प्रबंधन की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
