28 C
Kolkata
Sunday, August 16, 2026

धनबाद में कांग्रेस का मंथन, संगठन मजबूत करने के साथ एसआईआर और छात्र आंदोलन पर बनी रणनीति

धनबाद। लोकसभा चुनाव में मिली हार के बाद कांग्रेस ने धनबाद में संगठन की कमजोरियों को दूर करने और पार्टी को जमीनी स्तर पर फिर से मजबूत करने की कवायद तेज कर दी है। रविवार को धनबाद परिसदन में हुई लोकसभा स्तरीय समीक्षा बैठक में बूथ से लेकर जमीनी स्तर तक संगठन को सक्रिय करने, विशेष गहन पुनरीक्षण के दौरान मतदाताओं की मदद करने, जन समस्याओं को राजनीतिक मुद्दा बनाने और छात्र आंदोलन को समर्थन देने पर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक में झारखंड कांग्रेस प्रभारी के. राजू, एआईसीसी सचिव सह प्रभारी भूपेंद्र मरावी, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश और धनबाद लोकसभा प्रभारी कुमार जयमंगल सिंह समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

बैठक के बाद झारखंड कांग्रेस प्रभारी के. राजू ने कहा कि पार्टी की सबसे बड़ी प्राथमिकता संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करना है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से जनता के बीच लगातार सक्रिय रहने और स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाने को कहा। धनबाद लोकसभा चुनाव के प्रदर्शन की समीक्षा करते हुए उन्होंने स्वीकार किया कि कुछ वर्गों और समुदायों के बीच कांग्रेस का संपर्क अपेक्षा के अनुरूप मजबूत नहीं रहा। अब इन कमियों को दूर कर पार्टी को फिर से जनता के बीच मजबूत आधार देने की कोशिश की जाएगी।

एसआईआर में मतदाताओं की मदद करेंगे कांग्रेस कार्यकर्ता

विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर भी बैठक में रणनीति बनाई गई। के. राजू ने कहा कि धनबाद में कई मतदाताओं को नोटिस मिल रहे हैं। ऐसे में कांग्रेस के बूथ लेवल एजेंट, प्रखंड और जिला स्तर के पदाधिकारी मतदाताओं को आवश्यक दस्तावेज जुटाने और पूरी प्रक्रिया समझने में मदद करेंगे।

उन्होंने कहा कि किसी भी पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची से प्रभावित न हो, इसके लिए पार्टी के बूथ लेवल एजेंट, प्रखंड प्रभारी, जिला प्रभारी, विधायक और लोकसभा प्रत्याशियों समेत संबंधित पदाधिकारियों को निगरानी की जिम्मेदारी दी जाएगी। कांग्रेस कार्यकर्ता मतदाताओं को प्रक्रिया की जानकारी देने के साथ उनकी समस्याओं को संबंधित अधिकारियों के समक्ष भी उठाएंगे।

जन समस्याओं को अभियान का हिस्सा बनाएगी कांग्रेस

जनता से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने के लिए कांग्रेस ने कैंपेन कमेटी का गठन किया है। उत्तर छोटानागपुर प्रमंडल की जिम्मेदारी पूर्व विधायक अंबा प्रसाद को दी गई है। कमेटी क्षेत्र की समस्याओं की पहचान कर उन्हें संबंधित मंचों पर उठाएगी और समाधान के लिए दबाव बनाएगी।

अंबा प्रसाद ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता लोगों के बीच जाएंगे और उनकी समस्याओं को सुनेंगे। उन्होंने कहा कि लोगों को यह भरोसा दिलाना जरूरी है कि वे अपनी समस्याओं को लेकर अकेले नहीं हैं। धनबाद और उत्तर छोटानागपुर के विभिन्न क्षेत्रों में विस्थापन की समस्या को गंभीर बताते हुए उन्होंने विस्थापितों की आवाज मजबूती से उठाने की बात कही।

छात्र आंदोलन के समर्थन का ऐलान

बैठक में छात्र आंदोलन और जेपीएससी-जेएसएससी से जुड़े मामलों पर भी चर्चा हुई। अंबा प्रसाद ने कहा कि कांग्रेस छात्रों के साथ खड़ी है और उनकी मांगों को मजबूती से उठाएगी। उन्होंने सरकार से छात्रों की समस्याओं पर गंभीरता से विचार करने की अपील की।

के. राजू ने भी कहा कि कांग्रेस छात्र आंदोलन के साथ है। उन्होंने जेपीएससी और जेएसएससी सीजीएल परीक्षा से जुड़े मामलों का जिक्र करते हुए सरकार से उचित कार्रवाई की बात कही। उन्होंने बताया कि राहुल गांधी ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर छात्रों की समस्याओं का समाधान करने की मांग की है।

सीबीआई जांच की मांग पर के. राजू ने कहा कि सीबीआई पहले से करीब 17 मामलों की जांच कर रही है, लेकिन अभी तक किसी मामले में किसी को जेल नहीं भेजा गया है। उन्होंने सरकार से छात्रों की मांगों को गंभीरता से लेने की अपील की।

भू-धंसान प्रभावितों के पुनर्वास पर इरफान अंसारी का जोर

बैठक के बाद स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी भी धनबाद परिसदन पहुंचे। उन्होंने भू-धंसान प्रभावित क्षेत्रों और विस्थापित परिवारों की स्थिति को लेकर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि प्रभावित लोगों के साथ किसी भी तरह का भेदभाव नहीं होने दिया जाएगा।

इरफान अंसारी ने जिला प्रशासन और उपायुक्त से प्रभावित लोगों की वास्तविक स्थिति का आकलन कर उचित मुआवजा और पुनर्वास की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने कहा कि यदि बीसीसीएल करीब 20 किलोमीटर दूर पुनर्वास के लिए जमीन उपलब्ध करा रहा है और प्रभावित लोग वहां जाने को तैयार नहीं हैं तो उनके आसपास उपलब्ध जमीन पर पुनर्वास की संभावनाएं तलाशी जानी चाहिए।

उन्होंने बीसीसीएल प्रबंधन और सीएमडी से भू-धंसान की समस्या का तकनीकी समाधान तलाशने की भी मांग की। उनका कहना था कि आधुनिक तकनीक के जरिए प्रभावित क्षेत्रों का उपचार किया जाना चाहिए और विस्थापितों की आवाज दबाने के लिए किसी भी तरह का दबाव स्वीकार नहीं किया जाएगा।

आंदोलन के दौरान छात्रों को मुफ्त इलाज का भरोसा

छात्र आंदोलन को लेकर स्वास्थ्य मंत्री ने स्वास्थ्य विभाग की तैयारियों की जानकारी भी दी। उन्होंने कहा कि आंदोलन के दौरान यदि किसी छात्र की तबीयत बिगड़ती है या उसे चिकित्सकीय आपात स्थिति का सामना करना पड़ता है तो तत्काल बचाव दल भेजकर उसे अस्पताल पहुंचाया जाएगा और नि:शुल्क इलाज उपलब्ध कराया जाएगा।

उन्होंने कहा कि अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि आंदोलन के दौरान किसी छात्र को उपचार की आवश्यकता होने पर उसके परिवार पर आर्थिक बोझ नहीं पड़ना चाहिए। छात्रों पर लाठीचार्ज के सवाल पर इरफान अंसारी ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि छात्रों पर कार्रवाई की बात करने से पहले यह भी पूछा जाना चाहिए कि पूर्व में भाजपा के शासन में छात्रों पर गोली चलाने की घटनाएं क्यों हुईं।

बैठक से साफ है कि कांग्रेस धनबाद में संगठन को नए सिरे से सक्रिय करने के साथ-साथ मतदाता सूची पुनरीक्षण, विस्थापन और छात्र आंदोलन जैसे मुद्दों को भी राजनीतिक अभियान का हिस्सा बनाने की तैयारी में है। आने वाले दिनों में पार्टी इन मुद्दों को लेकर जमीनी स्तर पर अभियान तेज कर सकती है।

Related Articles

नवीनतम लेख