मुंबई। उच्च शिक्षा का सपना देख रहे छात्रों के लिए रिलायंस फाउंडेशन ने स्कॉलरशिप 2026-27 के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस वर्ष देशभर के 5,100 प्रथम वर्ष के अंडरग्रेजुएट और पोस्टग्रेजुएट छात्रों को आर्थिक सहायता दी जाएगी। चयनित अंडरग्रेजुएट छात्रों को पूरी पढ़ाई के दौरान 2 लाख रुपये तक, जबकि पोस्टग्रेजुएट छात्रों को 6 लाख रुपये तक की स्कॉलरशिप मिलेगी। आवेदन के लिए छात्रों से कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा।
रिलायंस फाउंडेशन की ओर से दी जाने वाली कुल 5,100 स्कॉलरशिप में 5,000 अंडरग्रेजुएट और 100 पोस्टग्रेजुएट छात्रों के लिए निर्धारित हैं। देश के किसी भी मान्यता प्राप्त संस्थान में फुल-टाइम डिग्री प्रोग्राम के प्रथम वर्ष में अध्ययनरत पात्र छात्र इसके लिए आवेदन कर सकते हैं। चयनित छात्रों को पढ़ाई के दौरान आर्थिक सहायता मिलने के साथ ही व्यक्तिगत और पेशेवर विकास के लिए विभिन्न अवसर भी उपलब्ध कराए जाएंगे।
अंडरग्रेजुएट स्कॉलरशिप के लिए छात्रों का चयन शैक्षणिक योग्यता और आर्थिक स्थिति के आधार पर किया जाएगा। वहीं, पोस्टग्रेजुएट स्कॉलरशिप विशेष रूप से इंजीनियरिंग, टेक्नोलॉजी, एनर्जी और लाइफ साइंसेज जैसे भविष्य से जुड़े क्षेत्रों में अध्ययन कर रहे प्रतिभाशाली छात्रों के लिए है।
स्कॉलरशिप के तहत आर्थिक मदद के अलावा चयनित छात्रों को मेंटॉरशिप, नेतृत्व विकास, नेटवर्किंग और उद्योग विशेषज्ञों के साथ संवाद का अवसर भी मिलेगा। इसका उद्देश्य छात्रों को उच्च शिक्षा के साथ-साथ भविष्य के करियर के लिए तैयार करना है।
रिलायंस फाउंडेशन पिछले तीन दशकों से छात्रों को उच्च शिक्षा के लिए स्कॉलरशिप प्रदान कर रहा है। अब तक 33,000 से अधिक छात्रों को इससे लाभ मिल चुका है। पिछले वर्ष चयनित 5,100 छात्र देश के 27 राज्यों और सात केंद्र शासित प्रदेशों के 1,350 संस्थानों से थे।
योग्य छात्र रिलायंस फाउंडेशन की आधिकारिक स्कॉलरशिप वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन प्रक्रिया और पात्रता से जुड़ी विस्तृत जानकारी वेबसाइट पर उपलब्ध है।
