रायपुर। राज्यपाल रमेन डेका ने शुक्रवार को रायपुर के 12 वर्षीय छात्र मास्टर दिव्यांश सुल्तानिया द्वारा लिखित पुस्तक ‘थॉट्स अबाउट गॉड’ का विमोचन किया। इतनी कम उम्र में ईश्वर, आध्यात्मिकता और जीवन से जुड़े गंभीर विषयों पर पुस्तक लिखने के दिव्यांश के प्रयास की राज्यपाल ने सराहना की और उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि बच्चों में पढ़ने, लिखने और नए विषयों पर चिंतन करने की आदत विकसित करना उनके व्यक्तित्व निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
दिव्यांश ने अपने दादा की प्रेरणा से इस पुस्तक की रचना की है। पुस्तक में एक युवा छात्र के दृष्टिकोण से ईश्वर और आध्यात्मिकता से जुड़े विचारों, सवालों और अपनी समझ को सहज एवं सरल भाषा में प्रस्तुत किया गया है। राज्यपाल ने कहा कि कम उम्र में ऐसे विचारपरक विषय पर लेखन करना दिव्यांश की जिज्ञासा और रचनात्मक सोच को दर्शाता है।
इस अवसर पर राज्यपाल ने दिव्यांश की दूसरी पुस्तक ‘फ्रॉम पॉकेट मनी टू पोर्टफोलियो’ के कवर का भी अनावरण किया। यह पुस्तक बच्चों और युवाओं में कम उम्र से ही बचत, निवेश और वित्तीय जागरूकता की आदत विकसित करने के उद्देश्य से लिखी जा रही है। इसमें गुल्लक के माध्यम से बचत की आदत विकसित करने तथा बचाई गई राशि के उचित निवेश के विचार को सरल और व्यावहारिक तरीके से समझाया जाएगा।
राज्यपाल ने दिव्यांश को अपनी जिज्ञासा, रचनात्मकता और सीखने की ललक को लगातार आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि बच्चों को अपनी रुचि के विषयों पर पढ़ने और लिखने के लिए प्रोत्साहित किया जाना चाहिए, क्योंकि इससे उनमें आत्मविश्वास और विचार करने की क्षमता विकसित होती है।
कार्यक्रम में दिव्यांश के पिता सुधीर सुल्तानिया, माता सरिता सुल्तानिया सहित अन्य परिजन उपस्थित रहे।
