29 C
Kolkata
Friday, August 14, 2026

शेल्टन ने लगातार दूसरी बार जीता कनाडियन ओपन, नकाशिमा को हराकर रचा इतिहास

मॉन्ट्रियल, 14 अगस्त (हि.स.)। अमेरिका के बेन शेल्टन ने गुरुवार रात हमवतन ब्रैंडन नकाशिमा को 6-3, 7-6(4) से हराकर लगातार दूसरी बार कनाडियन ओपन का खिताब जीत लिया। शेल्टन का यह दूसरा मास्टर्स 1000 खिताब और करियर का सातवां एटीपी खिताब है।

दो अमेरिकी खिलाड़ियों के बीच हुआ यह फाइनल मास्टर्स 1000 स्तर पर 2003 में सिनसिनाटी में एंडी रोडिक और मार्डी फिश के बीच हुए फाइनल के बाद पहला ऑल-अमेरिकन फाइनल था। यह जीत अमेरिकी पुरुष टेनिस के लिए भी अहम है। 2003 में रोडिक के बाद कोई अमेरिकी पुरुष खिलाड़ी यूएस ओपन में एकल खिताब नहीं जीत सका है।

खराब दौर के बाद शेल्टन की शानदार वापसी

कनाडा पहुंचने से पहले शेल्टन खराब दौर से गुजर रहे थे। वह विंबलडन के पहले दौर में ही बाहर हो गए थे, जबकि फ्रेंच ओपन में उन्हें दूसरे दौर में हार मिली थी। सत्र के शुरुआती चार मास्टर्स 1000 टूर्नामेंट में वह सिर्फ एक मुकाबला जीत सके थे।

हालांकि, कनाडा की हार्ड कोर्ट पर शेल्टन ने शानदार वापसी की और पूरे टूर्नामेंट में एक भी सेट गंवाए बिना खिताब अपने नाम किया। शेल्टन ने कहा कि इस सप्ताह उनका प्रदर्शन उस मेहनत का नतीजा है, जो वह लगातार कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि बिना कोई सेट गंवाए टूर्नामेंट जीतना उनकी मानसिक मजबूती को भी दर्शाता है।

उन्होंने कहा कि यह साल उनके लिए आसान नहीं रहा है और ऐसे प्रदर्शन के साथ अपने सर्वश्रेष्ठ स्तर पर खेलना उनके लिए बेहद खास है। उन्होंने कहा कि इस उपलब्धि को व्यक्त करने के लिए उनके पास शब्द नहीं हैं।

पहले सेट में दबदबा, टाईब्रेक में भी बाजी मारी

पांचवीं वरीयता प्राप्त शेल्टन ने पहले सेट में नकाशिमा की दूसरी सर्विस को लगातार निशाना बनाया। दोनों खिलाड़ियों ने 3-3 तक अपनी सर्विस बरकरार रखी। इसके बाद शेल्टन ने नकाशिमा की दूसरी सर्विस पर शानदार फोरहैंड रिटर्न लगाकर 4-3 की बढ़त हासिल कर ली।

इसके बाद उन्होंने नकाशिमा के कमजोर होते फोरहैंड का फायदा उठाया और एक और ब्रेक हासिल कर पहला सेट 6-3 से जीत लिया। पहली बार मास्टर्स 1000 फाइनल खेल रहे नकाशिमा ने दूसरे सेट में वापसी की कोशिश की और मुकाबले को टाईब्रेक तक ले गए। हालांकि, शेल्टन ने टाईब्रेक की शुरुआत में ही मिनी ब्रेक हासिल कर बढ़त बना ली। इसके बाद शानदार फोरहैंड विनर लगाकर उन्होंने 7-6(4) से सेट और खिताब अपने नाम कर लिया।

इस जीत के साथ शेल्टन 2016 में नोवाक जोकोविच के बाद कनाडियन ओपन का खिताब बिना एक भी सेट गंवाए जीतने वाले पहले खिलाड़ी बन गए। साथ ही वह 2019 में राफेल नडाल के बाद कनाडियन ओपन खिताब का सफलतापूर्वक बचाव करने वाले पहले खिलाड़ी भी हैं।

Related Articles

नवीनतम लेख