काठमांडू, 14 अगस्त (हि.स.)। नेपाल के रोल्पा जिले के थबाड़ गांवपालिका के उवा कोटलबार में भारी भूस्खलन से अब तक 10 लोगों की मौत हो गई है। पुलिस के अनुसार, पांच शव घटनास्थल से बरामद किए गए हैं, जबकि पांच अन्य शव बाढ़ के तेज बहाव के साथ बहकर प्युठान जिले में पहुंचे, जहां उन्हें बरामद किया गया। मृतकों में पांच साल के बच्चे से लेकर 85 वर्ष के बुजुर्ग तक शामिल हैं।
कोटलबार गांव के ऊपरी हिस्से में भारी भूस्खलन हुआ। मलबे की चपेट में आने से गांव के 11 घर दब गए। हादसे में बड़े पैमाने पर जनहानि हुई है। तीन लोग अभी भी लापता हैं और उनकी तलाश जारी है। मलबे की चपेट में आने से 22 वर्षीय हिमाल पुन मगर और 25 वर्षीय संजय घर्ती घायल हुए हैं। दोनों ने रात में पुलिस के आपातकालीन नंबर 100 पर फोन कर हादसे की सूचना दी थी। दोनों का बुटवल में उपचार चल रहा है।
घटनास्थल से पांच शव बरामद
घटनास्थल से 18 वर्षीय शांति पुन मगर, 60 वर्षीय कमलबहादुर पुन मगर, 80 वर्षीय मनरखी पुन मगर, 75 वर्षीय डलबहादुर पुन मगर और 85 वर्षीय हस्तकला रोका मगर के शव बरामद किए गए हैं। जिला पुलिस कार्यालय के सूचना अधिकारी एवं पुलिस निरीक्षक कृष्ण श्रेष्ठ ने बताया कि रोल्पा की लुंग्री नदी और प्युठान की माडी नदी के विभिन्न स्थानों से भी पांच शव बरामद हुए हैं।
प्युठान में बरामद शवों की पहचान 38 वर्षीय जुन कुमारी पुन मगर, पांच वर्षीय अशोक पुन मगर, 80 वर्षीय बलबहादुर पुन मगर, 66 वर्षीय मनी पुन मगर और 34 वर्षीय महेंद्र घर्ती के रूप में हुई है।
9 घर, दुकान और चर्च मलबे में दबे
पुलिस निरीक्षक श्रेष्ठ के अनुसार, भूस्खलन में नौ घर, एक दुकान, दो गोठ और एक चर्च पूरी तरह मलबे में दब गए हैं। हादसे के बाद घटनास्थल पर राहत और बचाव अभियान लगातार जारी है। लापता लोगों की तलाश के साथ मलबे में दबे स्थानों पर बचाव दल अभियान चला रहे हैं।
