काठमांडू, 14 अगस्त (हि.स.)। नेपाल के पर्वतीय जिलों में लगातार हो रही बारिश के कारण बाढ़, भूस्खलन और सड़क कटान से शुक्रवार को कई प्रमुख राजमार्गों पर यातायात व्यवस्था प्रभावित हुई। नेपाल पुलिस मुख्यालय के अनुसार, इलाम का मेची हाइवे, काभ्रेपलांचोक का बीपी हाइवे, मकवानपुर का कान्ति लोकपथ और सिंधुपाल्चोक का अरनिको हाइवे पूरी तरह बंद हो गए हैं।
रसुवा का त्रिशूली-मैलुङ-स्याफ्रुबेंसी मार्ग, धादिंग का पृथ्वी राजमार्ग, लमजुंग का मध्य पहाड़ी राजमार्ग, रुकुम पूर्व का मध्यपहाड़ी राजमार्ग और रुकुम पश्चिम का भेरी कॉरिडोर मार्ग भी बाढ़ और भूस्खलन की चपेट में हैं। इन मार्गों पर यातायात प्रभावित हुआ है।
कई मार्गों पर एकतरफा यातायात
पुलिस के अनुसार, बागलुंग के कालीगंडकी कॉरिडोर, मुस्तांग के बेनी-जोमसोम मार्ग और भोजपुर के मध्यपहाड़ी राजमार्ग पर फिलहाल एकतरफा यातायात संचालित किया जा रहा है।
अधिकारियों ने यात्रियों से यात्रा पर निकलने से पहले संबंधित निकायों से सड़कों की ताजा स्थिति की जानकारी लेने की अपील की है। उन्होंने कहा कि पर्वतीय इलाकों में भूस्खलन, बाढ़ और सड़क कटान का खतरा लगातार बना हुआ है। ऐसे में यात्रियों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
