31.4 C
Kolkata
Friday, August 14, 2026

उत्तराखंड का पीपलकोटी सुरंग हादसा: सात की मौत, रेस्क्यू जारी, खराब मौसम के बीच मुख्यमंत्री धामी पहुंचे मौके पर

देहरादून, 14 अगस्त (हि.स.)। उत्तराखंड के चमोली जिले के मायापुर-पीपलकोटी क्षेत्र में टीएचडीसी की निर्माणाधीन सुरंग में मलबा और पानी भरने से हुए हादसे में अब तक सात लोगों की मौत हो चुकी है। सुरंग में फंसे अन्य लोगों को बाहर निकालने के लिए राहत और बचाव अभियान लगातार जारी है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शुक्रवार को खराब मौसम के बीच पीपलकोटी पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया।

जिला प्रशासन के अनुसार, विष्णुगाड-पीपलकोटी जल विद्युत परियोजना की टीआरटी सुरंग में गुरुवार शाम भू-धंसाव के बाद करीब 1.50 किलोमीटर हिस्से में मलबा और पानी भर गया। सुरंग की कुल लंबाई लगभग तीन किलोमीटर है। हादसे के बाद सुरंग में 22 लोगों के फंसे होने की सूचना मिली थी।

जिलाधिकारी गौरव कुमार रातभर घटनास्थल पर मौजूद रहे और राहत एवं बचाव अभियान की निगरानी करते रहे। प्रशासन के अनुसार, सुरंग में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के प्रयास जारी हैं। राहत कार्य में सहायता के लिए सुरंग के भीतर गए छह बचावकर्मी भी सुरक्षित हैं।

एनडीआरएफ, एसडीआरएफ समेत कई टीमें बचाव में जुटीं

घायलों का उपचार जिला चिकित्सालय गोपेश्वर में किया जा रहा है। एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, आईटीबीपी, पुलिस के साथ तकनीकी और विशेषज्ञ दल राहत एवं बचाव अभियान में जुटे हैं। सुरंग के अंदर मलबा और पानी भरे होने के कारण बचाव दलों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों और बचाव दलों को सभी उपलब्ध संसाधनों और तकनीकी सहायता का इस्तेमाल करते हुए फंसे लोगों को जल्द सुरक्षित निकालने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन का कहना है कि अभियान को सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ जारी रखा गया है।

खराब मौसम के बीच पीपलकोटी पहुंचे मुख्यमंत्री धामी

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शुक्रवार को बेहद खराब मौसम के बीच पीपलकोटी पहुंचे। प्रतिकूल मौसम के कारण हेलीकॉप्टर की लैंडिंग भी कठिन परिस्थितियों में हुई। मुख्यमंत्री सुरंग में फंसे श्रमिकों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए चलाए जा रहे अभियान का स्थलीय निरीक्षण करेंगे। उन्होंने कहा कि सुरंग में फंसे प्रत्येक श्रमिक को सुरक्षित बाहर निकालना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए सभी संबंधित एजेंसियां समन्वय के साथ युद्धस्तर पर राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हैं।

मृतकों में झारखंड, बिहार और अन्य राज्यों के श्रमिक

हादसे में जान गंवाने वालों में प्रदीप सिंह पवार (31), मुकेश, दुर्लभ शर्मा, विजय (28), जितेंद्र कुमार, लोकेश्वर और भुनेश्वर शामिल हैं। प्रदीप सिंह पवार टिहरी जिले के चंबा क्षेत्र के ग्राम गेंवाल के निवासी थे। मुकेश चमोली जिले के उर्गम के रहने वाले बताए गए हैं। दुर्लभ शर्मा बिहार, जबकि विजय और जितेंद्र कुमार झारखंड के निवासी थे। लोकेश्वर और भुनेश्वर के संबंध में विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है।

जिला चिकित्सालय गोपेश्वर में भर्ती कर्मचारियों में सुनील दीवान (20) छत्तीसगढ़, हाबिल गुड़िया (27), निस्तार भिगरा (24), विनोद रावना (46), दीना बैगरा (26) और खेला राम बिसरा (22) झारखंड के निवासी बताए गए हैं। छबेर सिंह (45) पंजाब और तिलक राज (48) हिमाचल प्रदेश के निवासी हैं। चंदन कुमार (39), अवधेश, नन्दलाल और रोहित पांडे (20) बिहार के रहने वाले हैं। पेन सिंह (33) छत्तीसगढ़ के निवासी हैं। रोहित पांडे को श्रीनगर रेफर किया गया है। सूची में गोविन्द को अस्पताल से छुट्टी दिए जाने की जानकारी है, जबकि उनके अन्य विवरण जुटाए जा रहे हैं।

Related Articles

नवीनतम लेख