खूंटी। स्वतंत्रता दिवस के पूर्व गुरुवार को खूंटी शहर देशभक्ति के रंग में सराबोर नजर आया। पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा की अगुवाई में निकली भव्य तिरंगा यात्रा में बड़ी संख्या में नागरिक, भाजपा कार्यकर्ता और स्कूली बच्चे शामिल हुए। हाथों में तिरंगा लेकर निकले लोगों ने भारत माता की जय और वंदे मातरम् के नारों से शहर को गुंजायमान कर दिया।
यात्रा का शुभारंभ खूंटी क्लब से हुआ। ड्रमसेट और विभिन्न वाद्ययंत्रों की देशभक्ति धुनों के बीच यात्रा नेताजी चौक, मेन रोड और भगत सिंह चौक होते हुए डाक बंगला रोड से वापस खूंटी क्लब पहुंची, जहां इसका समापन हुआ। बड़ी संख्या में स्कूली बच्चों की भागीदारी यात्रा का विशेष आकर्षण रही।
इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष आनंद कुमार, मनोज कुमार, ज्योतिष भगत, कृष्णानंद तिवारी, निखिल कंडुलना, लव चौधरी, मुकेश जायसवाल, राजेश्वर गुप्ता सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी और नागरिक उपस्थित रहे।
