रामगढ़। शहर के रामप्रसाद चंद्रभान सरस्वती शिशु विद्या मंदिर में गुरुवार को संस्कृति बोध योजना का शुभारंभ हुआ। योजना के तहत 13 से 28 अगस्त तक विद्यालय के छात्र-छात्राओं, अभिभावकों और समाज के लोगों के लिए संस्कृति बोध परीक्षाओं का आयोजन किया जाएगा। परीक्षा विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षण संस्थान, कुरुक्षेत्र के माध्यम से होगी।
योजना का उद्देश्य प्रतिभागियों को भारतीय संस्कृति, सभ्यता, परंपराओं और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत से परिचित कराना है। शुभारंभ के अवसर पर विद्यालय के आचार्य, शिक्षिकाओं और विद्यार्थियों को योजना के उद्देश्यों एवं महत्व की जानकारी दी गई।
विद्यालय के प्रधानाचार्य प्रवीण ने कहा कि संस्कृति किसी भी राष्ट्र की पहचान और जीवनशैली का आधार होती है। बदलते सामाजिक एवं आधुनिक परिवेश में अपनी संस्कृति और परंपराओं का संरक्षण जरूरी है। युवा पीढ़ी को अपनी जड़ों और सांस्कृतिक मूल्यों से जोड़ना सभी की जिम्मेदारी है।
