30 C
Kolkata
Wednesday, August 12, 2026

छात्र आंदोलन की गूंज दिल्ली तक पहुंची, संसद परिसर में भाजपा सांसदों ने किया प्रदर्शन

रांची। झारखंड में जेपीएससी-जेएसएससी समेत विभिन्न भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ चल रहे छात्र आंदोलन को लेकर भाजपा ने बुधवार को संसद परिसर में प्रदर्शन किया। झारखंड में आंदोलनकारी छात्रों पर कथित लाठीचार्ज और पुलिस कार्रवाई के विरोध में भाजपा सांसदों ने संसद भवन के मकर द्वार पर प्रदर्शन कर छात्रों की मांगों का समर्थन किया। भाजपा सांसदों ने कहा कि छात्रों के अधिकार और न्याय की लड़ाई अब झारखंड तक सीमित नहीं है, बल्कि इसकी गूंज संसद तक पहुंच चुकी है।

भाजपा के झारखंड प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के नेतृत्व में झारखंड और ओडिशा के सांसदों ने प्रदर्शन में हिस्सा लिया। इस दौरान सांसदों ने हाथों में तख्तियां लेकर झारखंड सरकार और कांग्रेस के खिलाफ नारे लगाए। प्रदर्शनकारियों ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी से झारखंड में छात्रों के खिलाफ हुई कथित पुलिस कार्रवाई पर जवाब देने की मांग की।

भाजपा सांसदों ने आरोप लगाया कि झारखंड में कांग्रेस और झामुमो सत्ता में साझेदार हैं, इसलिए छात्रों के आंदोलन और उनके खिलाफ हुई कार्रवाई को लेकर कांग्रेस चुप्पी साधे हुए है। सांसदों ने कहा कि भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों को लेकर आंदोलन कर रहे युवाओं की मांगों का समाधान संवाद के जरिए किया जाना चाहिए, न कि पुलिस कार्रवाई के माध्यम से।

आदित्य साहू ने मंगलवार देर रात रांची के जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम स्थित आंदोलन स्थल पर प्रशासन की कार्रवाई को लेकर राज्य सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि उपायुक्त और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक समेत भारी पुलिस बल के साथ आधी रात को आंदोलन स्थल पहुंचना और शांतिपूर्ण आंदोलन कर रहे छात्रों की बिजली काटकर उन्हें वहां से हटाने का प्रयास करना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा नेताओं के रात में धरना स्थल पहुंचने के बाद प्रशासन को पीछे हटना पड़ा। साहू ने कहा कि इससे स्पष्ट है कि सरकार दमन के जरिए छात्रों के आंदोलन को खत्म करना चाहती है। उन्होंने कहा कि छात्रों की आवाज को आधी रात के अंधेरे में दबाने की कोशिश किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं की जाएगी।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने राज्य सरकार और प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि छात्रों के साथ किसी भी तरह की ज्यादती की गई तो भाजपा सड़क से सदन तक आंदोलन करेगी। उन्होंने कहा कि युवाओं के अधिकार और न्याय की लड़ाई में भाजपा पूरी मजबूती के साथ छात्रों के साथ खड़ी है।

प्रदर्शन के दौरान भाजपा सांसदों के हाथों में राहुल गांधी से जवाब मांगने वाली तख्तियां थीं। इनमें झारखंड में छात्रों पर हुए कथित लाठीचार्ज, अमानवीयता, हिंसा और अन्याय को लेकर राहुल गांधी से जवाब मांगने वाले नारे लिखे थे।

प्रदर्शन में सांसद निशिकांत दुबे, विद्युत वरण महतो, बीडी राम, डॉ. प्रदीप वर्मा, चंद्रप्रकाश चौधरी, मनीष जायसवाल और कालीचरण सिंह समेत झारखंड के कई सांसद शामिल हुए। ओडिशा के सांसदों ने भी प्रदर्शन में भाग लेकर झारखंड के आंदोलनकारी छात्रों के समर्थन में आवाज उठाई।

भाजपा सांसदों ने कहा कि जेपीएससी-जेएसएससी समेत अन्य भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर छात्रों की ओर से उठाई जा रही मांगों पर सरकार को गंभीरता से विचार करना चाहिए। उन्होंने कहा कि युवाओं के भविष्य से जुड़े इस मुद्दे का समाधान बातचीत और पारदर्शी प्रक्रिया के माध्यम से किया जाना चाहिए तथा किसी भी तरह की दमनात्मक कार्रवाई से बचना चाहिए।

#छात्रआंदोलन, #झारखंड, #भाजपा

Related Articles

नवीनतम लेख