34 C
Kolkata
Tuesday, August 11, 2026

सावन शिवरात्रि पर शिवमय हुआ नोएडा, 2500 पुलिसकर्मी तैनात; ड्रोन और सीसीटीवी से निगरानी

नोएडा। सावन की शिवरात्रि पर मंगलवार सुबह से ही नोएडा और ग्रेटर नोएडा के प्रमुख शिव मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। मंदिरों में हर-हर महादेव के जयकारे गूंजते रहे और भक्तों ने भगवान शिव का जलाभिषेक कर पूजा-अर्चना की। कांवड़िये भी बम-बम भोले के जयकारों के बीच डीजे पर बज रहे भजनों पर नृत्य करते हुए मंदिरों तक पहुंचे। उनके साथ परिवार के सदस्य, रिश्तेदार और ग्रामीण भी बड़ी संख्या में मंदिरों में पहुंचे।

श्रद्धालुओं और कांवड़ियों की बढ़ती आवाजाही को देखते हुए नोएडा पुलिस ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं। भीड़ नियंत्रण, श्रद्धालुओं की सुरक्षा और यातायात संचालन के लिए करीब 2500 पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। मंदिरों के साथ कांवड़ मार्गों पर भी अतिरिक्त पुलिस बल लगाया गया है। यातायात पुलिस को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।

3000 सीसीटीवी और 30 ड्रोन से निगरानी

अपर पुलिस आयुक्त कानून एवं व्यवस्था राजीव नारायण मिश्रा ने बताया कि धार्मिक स्थलों पर भीड़ को नियंत्रित रखना और किसी भी तरह की अव्यवस्था को रोकना पुलिस की प्राथमिकता है। पुलिसकर्मियों को संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के साथ श्रद्धालुओं की सहायता करने के निर्देश दिए गए हैं।

मंगलवार को मंदिरों और कांवड़ मार्गों पर करीब 3000 सीसीटीवी कैमरों और 30 ड्रोन के माध्यम से निगरानी की जा रही है। कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित कैमरों की मदद से भीड़ की स्थिति का आकलन किया जा रहा है। साथ ही संदिग्ध गतिविधियों की पहचान पर भी नजर रखी जा रही है। पुलिस सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली सूचनाओं की भी निगरानी कर रही है। भीड़ के बीच सादे कपड़ों में पुलिसकर्मियों की भी तैनाती की गई है।

डीएम और पुलिस कमिश्नर ने लिया सुरक्षा व्यवस्था का जायजा

डीएम मेधा रूपम और पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने नोएडा और ग्रेटर नोएडा में कांवड़ यात्रा को लेकर की गई तैयारियों और सुरक्षा इंतजामों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने संबंधित विभागों को श्रद्धालुओं की सुविधा और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए जरूरी दिशा-निर्देश दिए।

शहर के विभिन्न मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। भक्तों ने भगवान शिव को जल चढ़ाकर पूजा-अर्चना की। बड़ी संख्या में कांवड़ियों और शिव भक्तों के पहुंचने से नोएडा का माहौल पूरी तरह शिवमय नजर आया।

Related Articles

नवीनतम लेख