28.3 C
Kolkata
Sunday, August 2, 2026

कॉमनवेल्थ गेम्स में मप्र का जलवा, यामिनी-अजय को 25-25 लाख और सरकारी नौकरी का ऐलान

भोपाल। कॉमनवेल्थ गेम्स में मध्य प्रदेश के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रदेश का नाम रोशन किया है। जूडो में सागर की यामिनी मौर्य और वेटलिफ्टिंग में अजय बाबू ने रजत पदक जीतकर देश और प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर मध्य प्रदेश सरकार ने दोनों को 25-25 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि और सरकारी नौकरी देने की घोषणा की है।

मंत्री सारंग ने खिलाड़ियों को दी बधाई

मध्य प्रदेश के खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने दोनों खिलाड़ियों की सफलता पर खुशी जताई। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारतीय खिलाड़ियों का लगातार बेहतर प्रदर्शन देश के लिए गर्व की बात है। कॉमनवेल्थ गेम्स में प्रदेश के दो खिलाड़ियों का पदक जीतना युवाओं के लिए प्रेरणा है।

मंत्री सारंग ने बताया कि यामिनी मौर्य ने 57 किलोग्राम जूडो स्पर्धा में शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक हासिल किया, जबकि अजय बाबू ने वेटलिफ्टिंग में बेहतरीन प्रदर्शन कर सिल्वर मेडल अपने नाम किया।

वीडियो कॉल पर यामिनी से की बातचीत

मंत्री सारंग ने जूडो खिलाड़ी यामिनी मौर्य से वीडियो कॉल पर बातचीत कर उन्हें जीत की बधाई दी। उन्होंने यामिनी की उपलब्धि को मध्य प्रदेश और देश के लिए गर्व का विषय बताया और आगामी प्रतियोगिताओं में स्वर्ण पदक जीतने की शुभकामनाएं दीं।

खेल नीति के तहत मिलेगा सम्मान

मंत्री ने कहा कि मध्य प्रदेश सरकार की खेल नीति के अनुसार कॉमनवेल्थ गेम्स में रजत पदक जीतने वाले यामिनी मौर्य और अजय बाबू को 25-25 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। इसके साथ ही दोनों खिलाड़ियों को सरकारी नौकरी भी प्रदान की जाएगी।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में राज्य सरकार खिलाड़ियों को बेहतर खेल सुविधाएं, आधुनिक प्रशिक्षण और विश्वस्तरीय अधोसंरचना उपलब्ध कराने के लिए लगातार काम कर रही है। सरकार का लक्ष्य है कि प्रदेश के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में लगातार बेहतर प्रदर्शन करते रहें।

Related Articles

नवीनतम लेख