रांची। झारखंड में लगातार हो रही बारिश के बीच मौसम सुहावना बना हुआ है। राज्य में न तेज गर्मी का असर है और न ही अत्यधिक ठंड महसूस हो रही है। अधिकांश जिलों में अधिकतम तापमान 33 से 34 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है, जबकि न्यूनतम तापमान करीब 21 डिग्री सेल्सियस रहने से सुबह और रात में हल्की ठंडक महसूस हो रही है।
मौसम विभाग के अनुसार, शुक्रवार को राज्य में सबसे सुहावना मौसम लातेहार में रहा। यहां अधिकतम तापमान 26.9 डिग्री और न्यूनतम 21.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अधिकतम और न्यूनतम तापमान में केवल 5.3 डिग्री का अंतर रहा।
पिछले 24 घंटे में राज्य का सर्वाधिक अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस सरायकेला में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 21.6 डिग्री सेल्सियस लातेहार में रहा। इसी दौरान पूर्वी सिंहभूम के गुड़ाबांधा में सर्वाधिक 66.4 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई।
राजधानी रांची और आसपास के इलाकों में शुक्रवार सुबह बादल छाए रहे। बीच-बीच में धूप निकलने के कारण दिन में हल्की उमस महसूस हुई। रांची में अधिकतम तापमान 30 डिग्री और न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
जमशेदपुर में अधिकतम 32.6 और न्यूनतम 25.6 डिग्री, डाल्टनगंज में 33 और 26.3 डिग्री, बोकारो में 31.5 और 25.1 डिग्री तथा चाईबासा में 32.8 और 24.6 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।
