रामगढ़। पतरातू विद्युत उत्पादन निगम लिमिटेड (पीवीयूएनएल) की सामुदायिक विकास पहल के तहत संचालित चार माह के आवासीय ट्रांसफॉर्मर रिपेयर एवं मेंटेनेंस प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुक्रवार को समापन हुआ। समारोह में मुख्य अतिथि पीवीयूएनएल के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) अशोक कुमार सहगल ने सफल प्रशिक्षुओं को प्रमाण-पत्र प्रदान किए और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
प्रशिक्षण के लिए पतरातू क्षेत्र के आसपास के गांवों से 20 युवाओं का चयन किया गया था। सभी को जमशेदपुर स्थित जेएनटीवीटीआई में चार माह का आवासीय प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण अवधि में प्रत्येक प्रशिक्षु को पीवीयूएनएल की ओर से प्रतिमाह नौ हजार रुपये का स्टाइपेंड भी दिया गया।
पीवीयूएनएल के अनुसार, प्रशिक्षण कार्यक्रम झारखंड सरकार के उस विजन के अनुरूप संचालित किया गया, जिसका उद्देश्य विद्युत वितरण और आपूर्ति क्षेत्र के लिए कुशल मानव संसाधन तैयार करना और कौशल अंतराल को कम करना है। कंपनी ने कहा कि युवाओं के कौशल विकास और राज्य के समग्र विकास के लिए भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी कार्यक्रम जारी रखे जाएंगे।
समारोह को संबोधित करते हुए सीईओ अशोक कुमार सहगल ने प्रशिक्षुओं से प्रशिक्षण के दौरान अर्जित तकनीकी ज्ञान और कौशल का उपयोग समर्पण, अनुशासन और ईमानदारी के साथ करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि यह प्रशिक्षण युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के साथ राज्य के विद्युत क्षेत्र को भी मजबूत बनाने में सहायक होगा।
समारोह में टाटा स्टील की चीफ लर्निंग एंड डेवलपमेंट एवं चीफ डाइवर्सिटी ऑफिसर जया सिंह पांडा, जेएनटीवीटीआई के अधिकारी-कर्मचारी, पीवीयूएनएल के मानव संसाधन प्रमुख ज़ियाउर रहमान, कोठामासु सुरेश, अमर दयाल सिंह और संतोष कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
