27.1 C
Kolkata
Friday, July 31, 2026

पाकिस्तान में पुलिस चेकपोस्ट पर आतंकी हमला, डीएसपी समेत 11 पुलिसकर्मियों की मौत

हंगू। पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के हंगू जिले में पुलिस चेकपोस्ट पर हुए आतंकी हमले में डिप्टी सुपरिटेंडेंट ऑफ पुलिस (डीएसपी) दियार खान समेत 11 पुलिसकर्मियों की मौत हो गई। सुरक्षा बलों की जवाबी कार्रवाई में 15 हमलावरों के मारे जाने का दावा किया गया है।

तीन पुलिस वाहनों को लगाई आग, 28 जवान घायल

पुलिस के अनुसार, खजाना बांदा पुलिस चेकपोस्ट पर मंगलवार देर रात आतंकवादियों ने हमला किया। जिला पुलिस अधिकारी (डीपीओ) मुजाहिद हुसैन ने बताया कि मुठभेड़ में 28 पुलिसकर्मी घायल हुए हैं, जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है।

हमलावरों ने पुलिस की तीन गाड़ियों को आग के हवाले कर दिया और एक वाहन अपने साथ ले गए। घटना के बाद सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर तलाशी अभियान तेज कर दिया है।

किसी संगठन ने नहीं ली जिम्मेदारी

फिलहाल किसी भी आतंकी संगठन ने हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है। खैबर पख्तूनख्वा प्रांत पिछले कुछ समय से तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (टीटीपी) के हमलों से प्रभावित रहा है।

यह हमला टैंक जिले में हुए एक अन्य आतंकी हमले के कुछ दिन बाद हुआ है। वहां विस्फोटकों से भरे वाहन के जरिए सुरक्षा चेकपोस्ट को निशाना बनाया गया था। उस हमले में सैनिकों, पुलिसकर्मियों और सरकारी कर्मचारियों समेत 15 लोगों की मौत हुई थी, जबकि सेना ने 12 आतंकवादियों को मार गिराने का दावा किया था।

गृह मंत्री ने जताया दुख

हमले के बाद पाकिस्तान के गृह मंत्री मोहसिन नकवी ने इसकी निंदा करते हुए कहा कि खैबर पख्तूनख्वा पुलिस आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में अग्रिम मोर्चे पर खड़ी है।

पाकिस्तान लंबे समय से खैबर पख्तूनख्वा और बलूचिस्तान में बढ़ रहे आतंकी हमलों के लिए अफगानिस्तान से संचालित चरमपंथी समूहों को जिम्मेदार ठहराता रहा है। वहीं, अफगानिस्तान की तालिबान सरकार इन आरोपों से इनकार करती रही है। इस मुद्दे को लेकर दोनों देशों के बीच तनाव बना हुआ है।

Related Articles

नवीनतम लेख