29.9 C
Kolkata
Thursday, July 30, 2026

तीन राज्यों की विधानसभा सीटों पर उपचुनाव के लिए मतदान शुरू

नई दिल्ली: गुजरात, बिहार और मध्य प्रदेश की तीन विधानसभा सीटों पर गुरुवार सुबह सात बजे से उपचुनाव के लिए मतदान शुरू हो गया। जिन सीटों पर मतदान हो रहा है, उनमें बिहार की बांकीपुर, मध्य प्रदेश की दतिया और गुजरात की मंजलपुर विधानसभा सीट शामिल हैं। तीनों सीटों के चुनाव परिणाम 3 अगस्त को घोषित किए जाएंगे।

बिहार की बांकीपुर सीट भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के अप्रैल में राज्यसभा के लिए निर्वाचित होने के बाद खाली हुई थी। यह सीट लंबे समय से भाजपा का मजबूत गढ़ मानी जाती है।

मध्य प्रदेश की दतिया विधानसभा सीट कांग्रेस विधायक राजेंद्र भारती की विधानसभा सदस्यता समाप्त होने के बाद रिक्त हुई। उन्हें सजा सुनाए जाने के कारण अप्रैल में उनकी सदस्यता खत्म कर दी गई थी।

गुजरात की मंजलपुर सीट पर उपचुनाव भाजपा के वरिष्ठ नेता और आठ बार के विधायक रहे पूर्व मंत्री योगेश पटेल के निधन के कारण कराया जा रहा है। उनका 2 जून को लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया था। वर्ष 2008 में परिसीमन के बाद अस्तित्व में आई इस सीट पर अब तक भाजपा का दबदबा रहा है।

दतिया सीट पर भाजपा के आशुतोष तिवारी और कांग्रेस के घनश्याम सिंह के बीच सीधा मुकाबला है। बांकीपुर में भाजपा ने नीरज कुमार सिन्हा को उम्मीदवार बनाया है, जबकि जनसुराज के प्रशांत किशोर और राजद की रेखा गुप्ता भी चुनाव मैदान में हैं। मंजलपुर सीट से भाजपा के सतीश पटेल और कांग्रेस के भीखाभाई रबारी आमने-सामने हैं।

निर्वाचन आयोग ने सभी मतदान केंद्रों पर इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) और वीवीपैट की व्यवस्था की है। मतदान शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से कराने के लिए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं।

Related Articles

नवीनतम लेख