देवघर। देवाधिदेव बाबा बैद्यनाथ की नगरी देवघर में विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला 2026 का बुधवार को भव्य शुभारंभ हुआ। गुरुपूर्णिमा के शुभ अवसर पर दुम्मा स्थित झारखंड-बिहार सीमा पर कांवरिया पथ में वैदिक मंत्रोच्चार, विशेष पूजा-अर्चना और ढोल-नगाड़ों की गूंज के बीच मेले का विधिवत शुभारंभ किया गया। पूजा-अर्चना के बाद अतिथियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर मेले के शुभारंभ की घोषणा की।
शुभारंभ समारोह में ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका सिंह पांडे, पर्यटन मंत्री सुदिव्य कुमार सोंनु, विधायक सुरेश पासवान, उदय शंकर सिंह उर्फ चुन्ना सिंह, देवेंद्र कुंवर, महापौर रवि राउत, जिला परिषद अध्यक्ष किरण कुमारी सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।
उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए व्यापक तैयारियां की गई हैं। किसी भी प्रकार की सूचना या समस्या मिलने पर प्रशासन तत्काल कार्रवाई करेगा।
पर्यटन मंत्री सुदिव्य कुमार सोंनु ने कहा कि बाबा बैद्यनाथ की कृपा से ही इतने बड़े मेले का सफल संचालन संभव होता है। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष करीब 53 लाख श्रद्धालुओं ने बाबा के दर्शन किए थे। इस वर्ष 55 लाख से अधिक श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।
ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका सिंह पांडे ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के निर्देशन में इस वर्ष मेले की बेहतर तैयारियां की गई हैं। उन्होंने साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने और प्लास्टिक के उपयोग से बचने की अपील की। उन्होंने बताया कि कांवरिया पथ के किनारे पीसीसी निर्माण और बालू रोकने की भी व्यवस्था की गई है।
विधायक देवेंद्र कुंवर ने कहा कि श्रावणी मेला आस्था और श्रद्धा का महापर्व है। बाबा बैद्यनाथ के आशीर्वाद के बिना इतने बड़े आयोजन का सफल संचालन संभव नहीं है।
विधायक उदय शंकर सिंह उर्फ चुन्ना सिंह ने मेले की तैयारियों के लिए जिला प्रशासन की सराहना की। विधायक सुरेश पासवान ने कहा कि बाबा के आशीर्वाद से उद्घाटन के दिन मौसम भी सुहावना रहा। उन्होंने प्रशासन की तैयारियों की प्रशंसा करते हुए ओवरब्रिज निर्माण और देवघर के पर्यटन स्थलों के विकास पर जोर दिया।
मेले के शुभारंभ के साथ ही ‘बोल बम’ के जयघोष से कांवरिया पथ गूंज उठा और कांवरियों का बाबा नगरी की ओर लगातार प्रवेश शुरू हो गया। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर दुम्मा सीमा सहित पूरे कांवरिया पथ पर पुलिस बल, दंडाधिकारी और प्रशासनिक अधिकारी तैनात रहे।
समारोह में पुलिस अधीक्षक, उपविकास आयुक्त, नगर आयुक्त, सिविल सर्जन, खेल पदाधिकारी, झामुमो जिला अध्यक्ष सह मंत्री प्रतिनिधि, बीस सूत्री उपाध्यक्ष मुन्नम संजय, अवधेश कुमार, सुरेश साह, उपमहापौर टिप चटर्जी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
