27.7 C
Kolkata
Tuesday, July 28, 2026

झारखंड में मानसून सुस्त, अब तक सामान्य से 27 प्रतिशत कम बारिश

रांची। झारखंड में मानसून की रफ्तार अब भी सामान्य से पीछे चल रही है। मौसम विभाग की मंगलवार को जारी रिपोर्ट के अनुसार, राज्य में एक जून से 28 जुलाई तक 478.3 मिलीमीटर के सामान्य वर्षा के मुकाबले 352.4 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है, जो सामान्य से 27 प्रतिशत कम है।

केवल पश्चिमी सिंहभूम में सामान्य से अधिक वर्षा

मौसम विभाग के अनुसार, राज्य के 24 जिलों में केवल पश्चिमी सिंहभूम में सामान्य से अधिक वर्षा हुई है। यहां सामान्य 461.9 मिलीमीटर के मुकाबले 534 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जो सामान्य से 16 प्रतिशत अधिक है।

इसके बाद सरायकेला-खरसावां में सामान्य 470.2 मिलीमीटर के मुकाबले 464.2 मिलीमीटर वर्षा हुई, जो सामान्य से केवल एक प्रतिशत कम है। वहीं पूर्वी सिंहभूम, रांची और रामगढ़ में भी अपेक्षाकृत अच्छी बारिश हुई, हालांकि इन जिलों में भी सामान्य से क्रमशः 13, 17 और 12 प्रतिशत कम वर्षा रिकॉर्ड की गई।

अधिकांश जिलों में बारिश की कमी बरकरार

मौसम विभाग के मुताबिक, झारखंड में पूरे मानसून के दौरान औसतन लगभग 1,200 मिलीमीटर वर्षा होती है। इसके मुकाबले अब तक करीब एक-तिहाई बारिश ही दर्ज की गई है। राज्य के अधिकांश जिलों में अब भी सामान्य से काफी कम वर्षा हुई है।

24 घंटे में मंझारी में सबसे अधिक बारिश

पिछले 24 घंटों के दौरान पश्चिमी सिंहभूम जिले के मंझारी में सबसे अधिक 167.2 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। इस अवधि में सबसे अधिक तापमान बोकारो में 33.1 डिग्री सेल्सियस और सबसे कम तापमान लातेहार में 21.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

रांची में दिनभर होती रही बारिश

राजधानी रांची और आसपास के क्षेत्रों में मंगलवार को रुक-रुक कर बारिश होती रही। लगातार वर्षा के कारण लोगों को आवागमन और दैनिक कार्यों में कुछ परेशानी हुई, लेकिन मौसम सुहावना बना रहा और उमस से राहत मिली।

मंगलवार को रांची में अधिकतम तापमान 28.4 डिग्री और न्यूनतम 22.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं जमशेदपुर में अधिकतम 33 डिग्री और न्यूनतम 25 डिग्री, डाल्टनगंज में अधिकतम 32.6 डिग्री और न्यूनतम 24.2 डिग्री, बोकारो में अधिकतम 31.1 डिग्री और न्यूनतम 24.5 डिग्री, जबकि चाईबासा में अधिकतम 31.8 डिग्री और न्यूनतम 24.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

Related Articles

नवीनतम लेख