27.7 C
Kolkata
Tuesday, July 28, 2026

सीएसआर पहल से 226 विद्यार्थियों को मिली निशुल्क परीक्षा परिवहन सुविधा

पश्चिमी सिंहभूम। कक्षा आठवीं की प्री-बोर्ड परीक्षा को देखते हुए पश्चिमी सिंहभूम जिले में गुवा सेल प्रबंधन और टाटा स्टील नोवामुंडी ने कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) के तहत 226 छात्र-छात्राओं के लिए निशुल्क परिवहन सुविधा उपलब्ध कराई। इस पहल के तहत विद्यार्थियों को सुरक्षित रूप से चाईबासा स्थित परीक्षा केंद्र तक पहुंचाने के लिए चार वाहनों की व्यवस्था की गई।

चार वाहनों से परीक्षा केंद्र पहुंचे विद्यार्थी

गुवा सेल प्रबंधन ने दो बसें उपलब्ध कराईं, जबकि टाटा स्टील नोवामुंडी ने एक बस और एक विंगर वाहन की व्यवस्था की। इन वाहनों से मिडिल स्कूल गुवा, राजकीय मध्य विद्यालय गुवासाई और उत्क्रमित मध्य विद्यालय नुईया के कुल 226 विद्यार्थियों को चाईबासा स्थित परीक्षा केंद्र तक पहुंचाया गया।

इन तीनों विद्यालयों का प्री-बोर्ड परीक्षा केंद्र चाईबासा निर्धारित होने के कारण विद्यार्थियों के आवागमन को लेकर चिंता थी, जिसे दोनों संस्थानों की संयुक्त पहल से दूर किया गया।

जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों का मिला सहयोग

इस पहल को सफल बनाने में पूर्व सांसद गीता कोड़ा, जिला परिषद सदस्य देवकी कुमारी तथा झारखंड मजदूर संघर्ष संघ के केंद्रीय अध्यक्ष रामा पांडे की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इसके अलावा पश्चिमी पंचायत की मुखिया पद्मिनी लागुरी, पूर्वी पंचायत की मुखिया चांदमनी लागुरी, बाल अधिकार मंच के पदमा केसरी और एस्पायर संस्था के कृष्णा गोप ने भी समन्वय कर सहयोग दिया।

विद्यार्थियों का बढ़ाया उत्साह

मंगलवार सुबह सभी विद्यार्थी निर्धारित समय पर बसों और विंगर वाहन से चाईबासा के लिए रवाना हुए। इस दौरान जिला परिषद सदस्य देवकी कुमारी, जेएसएलपीएस की जेंडर सीआरपी गीता देवी और ममता देवी, विद्यालयों के प्रधानाध्यापक, शिक्षक-शिक्षिकाएं तथा बड़ी संख्या में अभिभावक मौजूद रहे। सभी ने विद्यार्थियों को परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।

अभिभावकों और शिक्षकों ने गुवा सेल प्रबंधन, टाटा स्टील नोवामुंडी तथा इस पहल से जुड़े जनप्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं का आभार जताया। उनका कहना था कि समय पर परिवहन सुविधा मिलने से विद्यार्थी बिना किसी परेशानी के सुरक्षित परीक्षा केंद्र पहुंचे और पूरे आत्मविश्वास के साथ परीक्षा में शामिल हो सके।

Related Articles

नवीनतम लेख