कोडरमा। कोडरमा पुलिस ने चोरी की एक बड़ी वारदात का खुलासा करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों के पास से चोरी गए सोने-चांदी के आभूषण, नकदी, मोबाइल फोन समेत अन्य सामान बरामद किया है। घटना में इस्तेमाल की गई बाइक भी जब्त कर ली गई है।
तकनीकी जांच से पुलिस को मिली सफलता
मंगलवार को प्रेस वार्ता में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी प्रमोद केशरी ने बताया कि कोडरमा थाना क्षेत्र के वृंदा गांव निवासी गुरु प्रसाद साव के घर में अज्ञात अपराधियों ने चोरी की थी। पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर थाना प्रभारी अरविंद कुमार के नेतृत्व में विशेष जांच दल का गठन किया गया।
पुलिस ने तकनीकी विश्लेषण, सीसीटीवी फुटेज, मानवीय सूचना और वैज्ञानिक जांच के आधार पर तौफिक अंसारी और मो. आतिफ मंसूरी को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में कबूला जुर्म
पुलिस के अनुसार पूछताछ के दौरान दोनों आरोपितों ने चोरी की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। उनकी निशानदेही पर चोरी गया सामान बरामद कर लिया गया। साथ ही घटना में प्रयुक्त अपाची मोटरसाइकिल भी जब्त की गई।
जेवर, नकदी और मोबाइल बरामद
पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से सोने-चांदी के आभूषण, कृत्रिम आभूषण, दो स्मार्टफोन, चोरी में इस्तेमाल किए गए औजार, दो स्थानों से कुल 10 हजार रुपये नकद तथा अन्य सामान बरामद किया है। इसके अलावा आभूषण खरीद से संबंधित बिल भी जब्त किए गए हैं।
छापेमारी दल में थाना प्रभारी अरविंद कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक धनेश्वर कुमार तथा कोडरमा थाना के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।
