27.8 C
Kolkata
Thursday, July 23, 2026

विनीत तिवारी हत्याकांड: दूसरा आरोपित झांसी से गिरफ्तार, तीन अब भी फरार

पलामू। चर्चित जमीन कारोबारी विनीत तिवारी हत्याकांड में पलामू पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मामले के दूसरे आरोपित प्रशांत तिवारी को उत्तर प्रदेश के झांसी से गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। इस मामले में अब भी तीन आरोपित फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।

पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी ने गुरुवार को बताया कि आरोपित गिरफ्तारी के डर से पिछले दो महीने से झांसी में छिपा हुआ था। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने उसे मंगलवार को गिरफ्तार किया और गुरुवार को पलामू लाकर न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया।

25 अप्रैल को हुई थी हत्या

पुलिस के अनुसार, जमीन कारोबार को लेकर विनीत तिवारी और दिलीप तिवारी के बीच विवाद चल रहा था। 25 अप्रैल 2026 को दिलीप तिवारी के भाई प्रदीप तिवारी उर्फ महाकाल ने प्रशांत तिवारी, रोशन तिवारी और राकेश तिवारी के साथ मिलकर विनीत तिवारी का कार से अपहरण किया।

आरोप है कि अपहरण के बाद विनीत तिवारी की बेरहमी से पिटाई की गई और गमछे से गला दबाकर उनकी हत्या कर दी गई। बाद में उनका शव सदर थाना क्षेत्र के जोरकट से बरामद हुआ था।

पूछताछ में कई अहम जानकारियां मिलीं

पुलिस ने बताया कि मामले में दिलीप तिवारी को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। पूछताछ के दौरान प्रशांत तिवारी ने भी वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है और कई महत्वपूर्ण जानकारियां दी हैं।

पुलिस का कहना है कि इन जानकारियों के आधार पर फरार तीनों आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए विभिन्न स्थानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है।

Related Articles

नवीनतम लेख